IND vs ENG 2nd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज जारी है. दूसरे टेस्ट के लिए सरफराज खान को मौका मिला है. वह लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं. टीम इंडिया में बेटे की एंट्री पर सरफराज खान के पिता नौशाद खान का बयान सामने आया है. उन्होंने खुशी जाहिर की और कहा, 'हम सभी उम्मीद करते हैं कि वह हमेशा देश के लिए अच्छा खेलें और टीम की जीत में योगदान दें.'
नौशाद खान ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बेटे के सिलेक्शन पर कहा 'आप सभी जानते हैं कि सरफराज को आज अपना पहला टेस्ट कॉल-अप मिला है. मैं सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं, खासकर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को, जहां वह पले-बढ़े. इसके अलावा, राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी जहां उन्होंने अनुभव प्राप्त किया. बीसीसीआई और चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा किया और उनके सभी प्रशंसक जिन्होंने उनके लिए प्रार्थना की और उनका समर्थन किया उन सभी का शुक्रिया.'
दरअसल, सरफराज घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगा चुके हैं. लेकिन जब भी टेस्ट टीम चुनी जाती थी तो उन्हें सिलेक्टर्स नजरअंदाज कर देते थे, लेकिन कहते हैं ना कि मेहनत रंग जरूर लाती है, चाहे कितनी भी देर क्यों ना हो जाए. यही सरफराज के साथ हुआ है. बार-बार नजरअंदाज किए जाने के बाद भी इस खिलाड़ी ने उम्मीद नहीं छोड़ी और लगातार रन बनाता गया.
He waited for so long - First reaction of his father
— रोहित जुगलान Rohit Juglan (@rohitjuglan) January 29, 2024
उसके दर में देर है अंधेर नहीं #SarfarazKhan pic.twitter.com/OXZxm8Vbol
सरफराज खान ने भारत ए और रणजी ट्रॉफी में कमाल का प्रदर्शन किया. हाल में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 96, 55, 4 और 161 का स्कोर किया, जबकि इससे पहले साउथ अफ्रीका में वार्म-आप मैच में 68 और 38 रन बनाए थे. लिहाजा अब चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है.
सरफराज मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. उन्होंने अब तक 45 फर्स्ट क्लास मैचों में करीब 70 की औसत से 3912 रन बनाए हैं. इसमें 14 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं.
दरअसल, पहला टेस्ट हार चुकी टीम इंडिया को डबल झटका लगा है. टीम के दो बड़े प्लेयर रवींद्र जडेजा और केएल राहुल चोटिल होकर दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं. इसके बाद चयनकर्ताओं ने सौरभ कुमार, सरफराज खान और वॉशिंगटन सुंदर को स्क्वॉड में शामिल करने का फैसला किया है.