स्पोर्ट्स: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज जारी है, जिसका तीसरा मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में होगा. फिलहाल, सीरीज काफी रोमांचक मोड़ पर है और दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है. पहला मैच भारत ने जीता था, जबकि दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने वापसी करते हुए जीत दर्ज की. ऐसे में सीरीज इस समय 1-1 की बराबरी पर है. तीसरा मैच बेहद अहम माना जा रहा है.
धर्मशाला का मैदान अपनी खूबसूरत लोकेशन और अलग परिस्थितियों के लिए जाना जाता है. यहां की पिच पर अच्छा उछाल देखने को मिलता है, जिसका फायदा तेज गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों को मिलता है. शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाज काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं, क्योंकि नई गेंद से स्विंग और बाउंस मिलता है. वहीं, बल्लेबाज भी सही टाइमिंग के साथ बड़े शॉट खेलने में सक्षम रहते हैं. इस मैदान पर गेंद और बल्ले के बीच अच्छा मुकाबला देखने को मिलता है.
हालांकि, इस मैदान पर स्पिन गेंदबाजों को खास मदद नहीं मिलती है. फिर भी मिडिल ओवरों में वे अपनी सटीक गेंदबाजी से रन गति पर रोक लगा सकते हैं. जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, ओस की भूमिका भी अहम हो जाती है. इसी वजह से टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है, ताकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो सके.
अगर धर्मशाला के आंकड़ों पर नजर डालें, तो अब तक इस मैदान पर कुल 11 टी-20 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 4 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 6 मुकाबलों में जीत हासिल की है. इससे साफ है कि दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को थोड़ा फायदा मिलता है. इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 137 रन रहा है, जो दर्शाता है कि यहां बहुत बड़े स्कोर कम ही देखने को मिलते हैं.
मौसम की बात करें, तो रविवार को धर्मशाला में ठंड रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हालांकि, ठंड जरूर होगी, लेकिन बारिश की संभावना बहुत कम है. ऐसे में फैंस को पूरे ओवरों का रोमांचक मुकाबला देखने की उम्मीद है.