menu-icon
India Daily

BCCI की चिंता बनी हर्षित राणा की फिटनेस, सर्जरी के बाद वजन बढ़ना बना चर्चा का विषय

घुटने की सर्जरी से वापसी के बाद भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा फिर चोटिल हो गए हैं. बढ़े वजन और मांसपेशियों में खिंचाव ने टीम इंडिया की चिंता बढ़ा दी है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
BCCI की चिंता बनी हर्षित राणा की फिटनेस, सर्जरी के बाद वजन बढ़ना बना चर्चा का विषय
Courtesy: X

भारतीय टीम के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा एक बार फिर चोट के कारण चर्चा में हैं. घुटने की सर्जरी के बाद मैदान पर लौटे हर्षित ज्यादा दिन टीम के साथ नहीं रह सके. इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के दौरान लगी नई चोट ने टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं की चिंता बढ़ा दी है.

रिहैब के बाद भी नहीं संभली फिटनेस

हर्षित राणा ने घुटने की सर्जरी के बाद बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब पूरा किया था. सभी जरूरी फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद उन्हें टीम इंडिया में जगह मिली. उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ दो और इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 मुकाबले खेले लेकिन सिर्फ पांच मैचों के बाद मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा. इसी कारण वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा भी नहीं बन सके. टीम को उम्मीद थी कि वह तेज गेंदबाजी के साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी से भी योगदान देंगे लेकिन चोट ने उनकी वापसी का सफर फिर रोक दिया.

बढ़ा वजन बना BCCI की चिंता

सूत्रों के मुताबिक जब हर्षित राणा इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए टीम से जुड़े, तब उनका वजन सामान्य से ज्यादा था. यही बात अब सबसे बड़ी चिंता बन गई है. बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट यह जानना चाहते हैं कि रिहैब पूरा करने और फिटनेस सर्टिफिकेट मिलने के बाद भी उनका वजन कैसे बढ़ गया. एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि तेज गेंदबाज के लिए अतिरिक्त वजन शरीर पर ज्यादा दबाव डालता है. इससे हैमस्ट्रिंग और दूसरी मांसपेशियों में चोट लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है. ऐसे में फिटनेस पर लगातार काम करना हर तेज गेंदबाज के लिए जरूरी माना जाता है.

2027 वर्ल्ड कप की योजना पर असर

भारतीय टीम मैनेजमेंट हर्षित राणा को 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजना का अहम हिस्सा मान रहा है. उन्हें ऐसे तेज गेंदबाज के रूप में देखा जा रहा है जो करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर आठवें नंबर पर बल्लेबाजी भी कर सकते हैं लेकिन बार-बार चोटिल होना उनके करियर के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है. अब उनकी वापसी के साथ फिटनेस पर भी खास नजर रखी जाएगी.