menu-icon
India Daily

AU-W vs IN-W: टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा करने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं

हरमनप्रीत कौर ने साल 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था. तब से लेकर अब तक उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने अपने करियर में अब तक 6 टेस्ट, 161 वनडे और 189 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं.

Anuj
Edited By: Anuj
AU-W vs IN-W:  टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा करने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है. वह अब दुनिया की सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर बन गई हैं.

उन्होंने यह उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मनुका ओवल में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में हासिल की. यह मैच उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 356वां मुकाबला था. इसके साथ ही उन्होंने न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स के 355 मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.

खास लिस्ट में सबसे आगे हरमनप्रीत का नाम

इस सूची में हरमनप्रीत अब कई महान खिलाड़ियों से आगे निकल चुकी हैं. ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी 349 मैचों के साथ पीछे हैं, जबकि भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज 333 मैचों के साथ सूची में शामिल हैं. इंग्लैंड की पूर्व कप्तान शार्लेट एडवर्ड्स 309 मैचों के साथ टॉप-5 में आती हैं.

साल 2009 में किया था डेब्यू

हरमनप्रीत कौर ने साल 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था. तब से लेकर अब तक उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने अपने करियर में अब तक 6 टेस्ट, 161 वनडे और 189 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं. लंबे समय से टीम की मुख्य बल्लेबाज और कप्तान के रूप में वह भारतीय महिला क्रिकेट की पहचान बन चुकी हैं.

वनडे विश्व कप खिताब जीतने की उपलब्धि

उनकी कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने 2025 में इतिहास रचते हुए पहला वनडे विश्व कप खिताब जीता. इसके अलावा हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम ने टी20 सीरीज भी अपने नाम की. यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. हरमनप्रीत के नेतृत्व और अनुभव ने टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. इस महीने की शुरुआत में उन्हें भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान 'पद्म श्री' से भी सम्मानित किया गया. यह उनके शानदार करियर और भारतीय खेल जगत में योगदान का सम्मान है.

दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया की जीत

दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 163 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉर्जिया वोल ने तूफानी पारी खेली, जॉर्जिया वोल ने सिर्फ 57 गेंदों पर 88 रन बनाए, जिसमें एक छक्का और 11 चौके शामिल रहे.

भारत के लिए अरुंधति रेड्डी ने दो विकेट लिए. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 144 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा दिया. भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे ज्यादा 36 रनों की पारी खेली. पहले मुकाबले में भारत ने जीत दर्ज की थी.