menu-icon
India Daily

ग्लेन मैक्सवेल का आईपीएल करियर खत्म! ऑक्शन से नाम लिया वापस

मैक्सवेल ने कहा कि आईपीएल में कई यादगार सीजन के बाद, मैंने इस साल नीलामी में अपना नाम नहीं डालने का फैसला किया है. यह एक बड़ा फैसला है.

Gyanendra Sharma
ग्लेन मैक्सवेल का आईपीएल करियर खत्म! ऑक्शन से नाम लिया वापस
Courtesy: Photo-Social Media X

नई दिल्ली: अगले आईपीएल के लिए 1355 प्लेयर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया है. इस बीच 37 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने ऑक्शन से अपना नाम वापस ले लिया है. उन्होंने मंगलवार को पुष्टि की कि वह आईपीएल 2026 की मिनी-नीलामी में शामिल नहीं होंगे. ऐसे में ये संकेत मिल रहे हैं कि मैक्सवेल का आईपीएल करियर खत्म हो गया है. 

मैक्सवेल, आंद्रे रसेल और फाफ डु प्लेसिस के बाद 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाली मिनी-ऑक्शन से हटने वाले नवीनतम हाई-प्रोफाइल खिलाड़ी हैं. ग्लेन मैक्सवेल ने सोशल मीडिया पर इस बात की पुष्टि की कि उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद यह बड़ा फैसला लिया है. 

मैक्सवेल ने कहा, "आईपीएल में कई यादगार सीजन के बाद, मैंने इस साल नीलामी में अपना नाम नहीं डालने का फैसला किया है. यह एक बड़ा फैसला है, और इस लीग ने मुझे जो कुछ भी दिया है, उसके लिए मैं बहुत आभार के साथ यह फैसला लेता हूं."

मैक्सवेल का आईपीएल करियर खत्म!

मैक्सवेल ने आखिरी बार पिछले साल श्रेयस अय्यर की कप्तानी और रिकी पोंटिंग की कोचिंग में पंजाब किंग्स के लिए खेला था. उंगली में चोट लगने के कारण वह पूरे सीजन से बाहर हो गए थे. मैक्सवेल को पिछले साल किंग्स ने मेगा नीलामी में 4.2 करोड़ रुपये में खरीदा था. चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने भी उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन बाद में किंग्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया. हालांकि, मैक्सवेल उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे. उन्होंने छह पारियों में सिर्फ 48 रन बनाए और श्रेयस ने उन्हें गेंदबाज़ी के तौर पर ज़्यादा इस्तेमाल किया.

मोईन अली PSL खेलेंगे

इंग्लैंड के मोईन अली ने फाफ डू प्लेसिस की तरह IPL 2026 में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है और PSL खेलेंगे. मोईन 2018 से IPL में खेले हैं और CSK के साथ 2 खिताब जीते हैं.