मुंबई: बॉलीवुड के जाने माने डायरेक्टर आदित्य धर की फिल्म धुरंधर द रिवेंज इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है. फिल्म की रिलीज में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और इसी बीच एक रहस्यमयी किरदार को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है. यह किरदार है बड़े साहब का. फिल्म के ट्रेलर में भी इस किरदार के बारे में कोई साफ जानकारी नहीं दी गई. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. फैंस यह जानने के लिए काफी उत्साहित हैं कि आखिर इस अहम किरदार को कौन निभा रहा है.
फिल्म की कहानी में बड़े साहब का किरदार बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बताया जाता है कि बड़े साहब असल में आई एस आई के कुख्यात चीफ मेजर इकबाल के बॉस हैं. कहानी में अर्जुन का किरदार एक ऐसे व्यक्ति से प्रेरित बताया जा रहा है जो असल जिंदगी के आतंकवादी लीडर इलियास कश्मीरी से जुड़ा हुआ माना जाता है. फिल्म की कहानी में यह किरदार कई बड़े आतंकी हमलों से जुड़ा हुआ दिखाया गया है.
Who is the Bade Bhai Sahab? The guess game is still on. Just wait a few more days, guys — you’ll get all your answers.
— Mukesh Chhabra CSA (@CastingChhabra) March 13, 2026
फिल्म के पहले भाग में भी इस किरदार का कई बार जिक्र किया गया था. खासकर संजय दत्त के निभाए किरदार एस पी चौधरी असलम के संवादों में बड़े साहब का नाम सामने आता है. हालांकि दर्शकों को अब तक यह किरदार स्क्रीन पर देखने को नहीं मिला है.
फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने भी हाल ही में इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि आखिर यह बड़े भाई साहब कौन हैं. अंदाजा लगाने का खेल अभी भी जारी है. दोस्तों बस कुछ और दिनों का इंतजार कर लो. तुम्हें अपने सभी सवालों के जवाब मिल जाएंगे. उनके इस पोस्ट के बाद फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है.
शुरुआत में कुछ दर्शकों को लगा था कि फिल्म का यह किरदार अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से प्रेरित हो सकता है. लेकिन बाद में यह साफ हुआ कि फिल्म में दिखाया गया किरदार उससे बिल्कुल अलग है. यही वजह है कि बड़े साहब को लेकर रहस्य और भी गहरा हो गया है. फिल्म के मेकर्स भी अभी तक इस किरदार के बारे में कोई खुलासा नहीं कर रहे हैं.