menu-icon
India Daily

मदद करने वाले खिलाड़ी को ही कर दिया आउट..., सलमान आगा के फनी रन आउट पर भिड़े पाकिस्तान-बांग्लादेश, देखें VIDEO

पाकिस्तान-बांग्लादेश के मैच में एक फनी मोमेंट से सबको हंसा कर रख दिया. इस फनी रन आउट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है...

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
मदद करने वाले खिलाड़ी को ही कर दिया आउट..., सलमान आगा के फनी रन आउट पर भिड़े पाकिस्तान-बांग्लादेश, देखें VIDEO
Courtesy: X

क्रिकेट के मैदान पर अक्सर Spirit of Cricket को लेकर लंबी बहसें होती है. अब ढाका में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच में एक बार फिर ऐसा ही विवादित नजारा देखने को मिला है. इस मुकाबले में शानदार अर्धशतक बनाकर खेल रहे पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान अली आगा जिस दुर्भाग्यपूर्ण और अजीबोगरीब तरीके से रन आउट हुए, उसने न सिर्फ मैदान पर खिलाड़ियों के बीच तनाव पैदा कर दिया, बल्कि एक नई बहस भी छेड़ दी है.

क्या हुआ 39वें ओवर में?

यह पूरा ड्रामा पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में घटा. ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद रिजवान ने ऑन साइड की दिशा में हल्के हाथों से शॉट खेला. गेंद की रफ्तार धीमी होने के कारण गेंदबाज और बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज खुद गेंद लपकने के लिए दौड़े. इसी दौरान सलमान अली आगा बीच में आ गए और दोनों खिलाड़ियों के बीच हल्की सी टक्कर हो गई.

मेहदी हसन ने चतुराई दिखाई

गेंद वहीं सलमान के पैरों के पास जाकर रुक गई. इसके बाद सलमान ने अनजाने में यह भूलकर कि वह अपनी क्रीज से बाहर खड़े हैं, गेंद को रुकता देख उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन मेहदी हसन ने चतुराई दिखाते हुए सलमान से पहले ही गेंद उठा ली और सीधे स्टंप्स पर थ्रो मार दिया. रन आउट की जोरदार अपील हुई और थर्ड अंपायर ने नियमों के तहत सलमान को आउट करार दे दिया.

वायरल हो रहा यह मजेदार और फनी वीडियो

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और सच कहें तो यह क्रिकेट के सबसे फनी वीडियोज में से एक बन गया है. वीडियो में साफ दिखता है कि सलमान पूरी मासूमियत से एक जेंटलमैन की तरह गेंद उठाकर गेंदबाज को वापस देने के लिए नीचे झुकते हैं, लेकिन तभी मेहदी फुर्ती से आते हैं और गिल्लियां बिखेर देते हैं. सलमान की वह भोली शक्ल और उसके तुरंत बाद उनका भयंकर गुस्सा देखकर फैंस अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं. एक पल में 'मददगार' बनने की कोशिश और दूसरे ही पल आउट होकर पवेलियन लौटना, इस वीडियो को इंटरनेट पर खूब शेयर करवा रहा है.

रिजवान का बीच-बचाव

आउट दिए जाने के बाद सलमान ने कप्तान मेहदी हसन को समझाने की बहुत कोशिश की कि वह तो बस गेंद उठाकर उन्हें ही दे रहे थे, लेकिन हसन ने साफ कह दिया कि वह क्रीज से बाहर थे इसलिए आउट हैं. पवेलियन लौटते समय सलमान का गुस्सा सातवें आसमान पर था और बाउंड्री लाइन के पास पहुंचते ही उन्होंने झल्लाहट में अपना हेलमेट और ग्लव्स जमीन पर फेंक दिया.