सूत्रों की मानें तो भारतीय क्रिकेट टीम अगले साल पाकिस्तान में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी. बीसीसीआई, आईसीसी से भारत के मैच को श्रीलंका या दुबई में रिलोकेट कराने का अनुरोध करने की योजना बना रहा है. इन सबके बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चीफ खालिद महमूद का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि PCB की इतनी औकात नहीं की वह BCCI से टक्कर ले सके.
उन्होंने कहा कि सबसे अमीर बोर्ड होने के नाते BCCI का काफी दबदबा है और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत के पाकिस्तान जाने की संभावना बहुत कम है.
खालिद महमूद ने कहा, "इस बात की बहुत कम संभावना है कि भारतीय टीम पाकिस्तान में खेलने के लिए राजी हो. भारत सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड है और उसका बहुत दबदबा है. अगर वे अपनी टीम पाकिस्तान नहीं भेजते हैं तो मुझे लगता है कि श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश जैसे देश भी BCCI की राह पर चलेंगे."
महमूद ने कहा कि अगर बीसीसीआई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया को नहीं भेजने का फैसला करता और पाकिस्तान भी उसी रणनीति को अपनाता है तो यह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए अच्छा नहीं होगा. क्योंकि पाकिस्तान सिर्फ लॉबिंग ही कर सकते हैं वह दूसरे देशों के क्रिकेट बोर्ड को अपने पक्ष में नहीं कर सकता. PCB की इतनी हैसियत नहीं कि वह BCCI से टक्कर ले.
उन्होंने कहा कि ICC में भारत का दबदबा है. पाकिस्तान के लिए अच्छा होगा कि जैसे आईसीसी बोले उसे वैसे ही करना चाहिए. अगर भारत अपने मैच पाकिस्तान से बाहर खेलना चाहता है तो पाकिस्तान को इससे इंकार नहीं करना चाहिए.
भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण राजनीतिक संबंधों के कारण भारत ने 2008 एशिया कप के बाद से पाकिस्तान में क्रिकेट नहीं खेला है. दोनों देशों के आखिरी बाइलेट्रल सीरीज दिसंबर 2012 से जनवरी 2013 तक भारत में खेली गई थी. उसके बाद से दोनों टीमें आईसीसी टूर्नामेंट और एशिया कप में ही आमने-सामने खेली हैं.
मई में बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा था कि भारतीय टीम टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान तभी जाएगी जब केंद्र सरकार इसकी अनुमति देगी.