Asad Shafiq: पाकिस्तान की टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है, जहां उसे 14 दिसंबर से 3 मैचों टेस्ट सीरीज खेलनी है. इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बल्लेबाज असद शफीक ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करके सभी को चौंका दिया है. इस खिलाड़ी को पिछले कुछ समय से नेशनल टीम में मौका नहीं मिल रहा था. इसी वजह से उन्होंने संन्यास का फैसला किया है.
क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने के बाद असद शफीक ने माना कि उन्हें महसूस हो रहा था कि खेल के लिये उनके जुनून में कमी आई है. जिसके बाद 37 साल की उम्र में उन्होंने अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया. असद शफीक ने आगे बताया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कभी भी कोई निर्णय लेने के लिए उन पर दबाव नहीं डाला गया और उन्होंने हमेशा वही किया जो उन्हें सबसे अच्छा लगा.
शफीक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा 'मुझे अब क्रिकेट खेलने को लेकर पहले सा रोमांच या जुनून महसूस नहीं हो रहा और अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिये फिटनेस का स्तर भी वैसा नहीं रह गया है. इसीलिए मैने खेल को अलविदा कहने का फैसला किया है . उन्होंने ये भी बताया कि वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के वेतनभोगी राष्ट्रीय चयनकर्ता बन सकते हैं.
असद शफीक ने खुलासा किया कि साल '2020 में बाहर किए जाने के बाद मैंने पाकिस्तान टीम में एक और चांस पाने की उम्मीद में 3 साल तक घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखा, लेकिन इस सीजन की शुरुआत से पहले, मैंने फैसला किया था कि यह मेरा आखिरी सीजन होगा, क्योंकि मुझे लगा कि 38 साल की उम्र के बाद यह दूसरो द्वारा मुझे पद छोड़ने के लिए कहने के बजाय संन्यास लेने का समय था.'
असद शफीद टेस्ट के बढ़िया बल्लेबाज थे. उन्होंने 2010 से 2020 तक पाकिस्तान टीम के लिए कई यादगार पारियां भी खेली हैं. खास बात ये है कि शफीक वही खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अजहर अली, यूनिस खान और मिस्बाह उल हक के साथ मिलकर पाकिस्तान की टेस्ट बल्लेबाजी को काफी सफलता दिलाई थी. इस खिलाड़ी ने अपने पूरे करियर के दौरान उन्होंने मीडिया और लाइमलाइट से दूर रहना पसंद किया है.
37 साल के इस स्टार खिलाड़ी ने पाकिस्तान के लिए कुल 77 टेस्ट, 60 वनडे और 10 टी20 मैच खेले हैं. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 38.19 की औसत से 4,660 रन बनाए. इस दौरान 12 शतक और 27 अर्धशतक निकेल. वहीं वनडे में असद शफीक ने 24.74 की औसत से 1,336 रन बनाए हैं. वनडे में उन्होंने 9 फिफ्ट जड़ी हैं. वहीं टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 19.20 की औसत से 192 रन बनाए.