नई दिल्ली: ICC ने टी20 विश्व कप 2026 से पहले क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट को लेकर ताजा रैंकिंग जारी की है. भारत के अभिषेक शर्मा पहले स्थान पर मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं. इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. श्रीलंका के पाथुम निसांका पांचवें और भारत के सूर्यकुमार यादव छठे स्थान पर बने हुए हैं.
न्यूजीलैंड के टिम सिफर्ट नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं. दक्षिण अफ्रीका के रयान रिकेल्टन ने 42 स्थान की छलांग लगाकर 40वां स्थान हासिल किया है. ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन 16 स्थान ऊपर चढ़कर 14वें नंबर पर पहुंच गए हैं.
ईशान किशन ने 32 स्थान की लंबी छलांग लगाकर 32वें नंबर पर जगह बना ली है. अभिषेक शर्मा 917 रेटिंग अंकों के साथ अभी भी नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं. तिलक वर्मा को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह चौथे नंबर पर हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव को एक पायदान का फायदा मिला है और वह 728 रेटिंग अंकों के साथ छठे स्थान पर काबिज हैं.
टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल राशिद दो स्थान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं. न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने आठ स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त 23वां स्थान हासिल किया है. दोनों से विश्व कप में अहम भूमिका की उम्मीद है.
पाकिस्तान के युवा खिलाड़ी सैम अयूब ने अपने शानदार हालिया प्रदर्शन के दम पर आईसीसी मेंस टी20 इंटरनेशनल ऑलराउंडर रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज में पाकिस्तान ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया. इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ सैम अयूब ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने जिम्बाब्वे के अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा को पीछे छोड़ दिया है.
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने में काफी कम समय नहीं बचा है. ऐसे में सैम अयूब का नंबर-1 ऑलराउंडर बनना पाकिस्तान टीम के लिए बड़ी राहत और आत्मविश्वास बढ़ाने वाली खबर मानी जा रही है. पाकिस्तान की टीम 2009 के बाद अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी.
पाकिस्तान के लिए अच्छी खबर यहीं तक सीमित नहीं है. युवा स्पिनर अबरार अहमद ने भी आईसीसी टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में जबरदस्त छलांग लगाई है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों में छह विकेट लेने के बाद अबरार दो स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. फिलहाल, वह भारत के वरुण चक्रवर्ती से सिर्फ 28 रेटिंग अंक पीछे हैं, जो इस समय नंबर-1 गेंदबाज बने हुए हैं.
इसके अलावा ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज ने भी अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है. सीरीज़ के आखिरी मुकाबले में पांच विकेट लेने के बाद नवाज गेंदबाजों की रैंकिंग में आठ स्थान की बड़ी छलांग लगाकर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं. ऑलराउंडरों की सूची में भी उन्हें फायदा हुआ है और वह एक पायदान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर आ गए हैं.