menu-icon
India Daily

'बेबी बॉस' वैभव ने IPL 2026 में की रिकॉर्ड तोड़ बल्लेबाजी, अब टीम इंडिया में उठने लगी एंट्री की मांग; इस दिग्गज ने की सिफारिश

IPL 2026 को जब भी याद किया जाएगा उसमें वैभव सूर्यवंशी का जिक्र जरूर आएगा. पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन इतना प्रभावशाली रहा कि अब उनके लिए भारतीय टीम के दरवाजे जल्द खुलने की मांग तेज हो गई है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
'बेबी बॉस' वैभव ने IPL 2026 में की रिकॉर्ड तोड़ बल्लेबाजी, अब टीम इंडिया में उठने लगी एंट्री की मांग; इस दिग्गज ने की सिफारिश
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: IPL 2026 ने भारतीय क्रिकेट को एक ऐसा युवा सितारा दिया है, जिसकी चर्चा सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में हो रही है. महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिस आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज से बल्लेबाजी की, उसने क्रिकेट विशेषज्ञों और प्रशंसकों को हैरान कर दिया. IPL 2026 को जब भी याद किया जाएगा उसमें वैभव सूर्यवंशी का जिक्र जरूर आएगा. पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन इतना प्रभावशाली रहा कि अब उनके लिए भारतीय टीम के दरवाजे जल्द खुलने की मांग तेज हो गई है.

राजस्थान रॉयल्स के लिए अपना दूसरा IPL सीजन खेलते हुए वैभव ने बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 16 मुकाबलों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की और पूरे सीजन गेंदबाजों का काल बने रहे. वैभव के इस प्रदर्शन को देखते हुए न केवल भारत बल्कि विदेशों में भी उनके डेब्यू को लेकर मांग तेज हो गई है. इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी ने बीसीसीआई से वैभव के डेब्यू की सिफारिश की है. 

डेब्यू की मांग हो रही तेज 

वैभव के प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है. हर ओर सूर्यवंशी की वैभव गाथा के ही चर्चे हो रहे हैं. उनकी आक्रमक बल्लेबाजी ने न केवल फैंस को बल्कि क्रिकेट के दिग्गजों को भी अपना दीवाना बना लिया है. इसी कड़ी में इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टीव फिन ने युवा की खुलकर सराहना की. 

फिन का मानना है कि इतने कम उम्र में दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों के खिलाफ लगातार रन बनाना किसी असाधारण प्रतिभा की पहचान है. उन्होंने कहा कि वैभव को जल्द भारतीय टीम में मौका मिलना चाहिए क्योंकि वह टीम को और मजबूत बना सकते हैं.

रिकॉर्ड तोड़ बल्लेबाजी ने सबको किया प्रभावित

IPL 2026 में वैभव का स्ट्राइक रेट और रन बनाने की निरंतरता सबसे बड़ी चर्चा का विषय रही. पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने आक्रामक क्रिकेट खेलते हुए 700 से ज्यादा रन बनाए और लगभग हर मैच में अपनी छाप छोड़ी. उनकी बल्लेबाजी में निडरता और बड़े शॉट खेलने की क्षमता ने उन्हें बाकी युवा खिलाड़ियों से अलग पहचान दिलाई.

कुछ ऐसा रहा है IPL करियर 

भारतीय टीम के होनहार खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने अपने आईपीएल करियर में अब तक कुल 23 मैच   खेले हैं जिनमें उन्होंने 44.69 की औसत से 1028 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 6 अर्धशतक आए हैं. साथ ही वह आखिरी के दो मैच में अपना शतक पूरा करने से चूक गए.