Eoin Morgan Birthday: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन ने इंग्लिश टीम को पहली बार साल 2019 में वर्ल्ड कप जिताया था. बता दें कि 2015 विश्व कप में इंग्लिश टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा था. टीम ने 6 में से 2 मुकाबले जीते और ग्रुप स्टेज से ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई. वे अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड के खिलाफ ही मुकाबला जीत सके थे.
ऐसे में इस विश्व कप के बाद मोर्गन ने टीम को पूरी तरह से बदलने का फैसला किया और उन्होंने जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो जैसे बल्लेबाजों को टीम में शामिल कर आक्रामक खेल खेलने की अनुमित दी, जिसकी वजह से इंग्लिश टीम 2019 में वर्ल्ड कप अपने नाम कर सकी. मोर्गन आज 39 साल के हो चुके हैं और इस मौके पर उनके कुछ रिकॉर्ड पर नजर डालने वाले हैं.
पूर्व इंग्लिश कप्तान इयोन मोर्गन का जन्म आयरलैंड के डबलिन शहर में हुआ था. उन्होंने आयरलैंड अंडर-19 और आयरलैंड की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के लिए क्रिकेट खेला. हालांकि, 2006 में मोर्गन ने इंग्लैंड में जाने का फैसला किया और उसके बाद उन्होंने 3 साल तक घरेलू क्रिकेट खेलने के बाद इंग्लैंड के लिए खेलने के लिए क्वालीफाई कर गए.
ऐसे में मोर्गन को 2009 में इंग्लैंड की तरफ से खेलने का मौका मिला और उसके बाद से ही वे टी20 और वनडे टीम में लगातार खेलते रहे. इसके बाद एलेस्टर कुक के खराब प्रदर्शन को देखते हुए 19 दिसंबर 2014 को उन्हें वनडे का कप्तान बनाया गया और उन्होंने 2022 तक कप्तानी संभाली. इस दौरान मोर्गन ने इंग्लैंड को वर्ल्ड कप में जीत दिलाई.
मोर्गन वनडे क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सबसे अधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने 147 छक्के लगाए हैं, जबकि भारत के कप्तान रोहित शर्मा के नाम 126 छक्के दर्ज हैं. इसके अलावा मोर्गन वनडे की एक पारी में सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में सबसे ऊपर हैं. उन्होंने 2019 वर्ल्ड कप के दौरान अफगानिस्तान के खिलाफ 17 छक्के लगाए थे. यही नहीं पूर्व इंग्लिश खिलाड़ी इंग्लैंड के एकमात्र ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को 100 से अधिक मुकाबलों में जीत दिलाई है.