menu-icon
India Daily

धोनी के खास दोस्त ने कर दिया संन्यास का ऐलान, इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में बिखेरा था जलवा

Moeen Ali retirement: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर मोईन अली ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया है. 37 साल के अली अब सिर्फ फ्रेंचाइजी टी20 लीग में खेलना जारी रखेंगे. उन्होंने तीनों फॉर्मेट में इंग्लैंड के लिए कई साल जलवा दिखाया है.

भूपेंद्र कुमार राय
Edited By: Bhoopendra Rai
धोनी के खास दोस्त ने कर दिया संन्यास का ऐलान, इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में बिखेरा था जलवा
Courtesy: Twitter

Moeen Ali retirement: इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर मोईन अली ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. रविवार को उन्होंने अपने संन्यास का ऐलान किया. इंग्लैंड के लिए 2 विश्व कप जीतने वाले टीम का हिस्सा रहे मोईन अली ने 10 साल तक अपने देश के लिए तीनों फॉर्मेट में जलवा बिखेरा. वो गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान देते रहे. इंग्लैंड टीम को आगामी समय में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज खेलनी है, जिसके लिए घोषित की गई टीम में अली को मौका नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने संन्यास का ऐलान कर दिया है.

मोईन अली ने अंग्रेजी अखबार डेली मेल को एक इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने संन्यास के बारे में खुलकर बात की. अली ने कहा 'मैं 37 साल का हो गया है. मुझे इस महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए नहीं चुना गया है. मैंने इंग्लैंड के लिए काफी क्रिकेट खेली.  ये अब अगली पीढ़ी का समय है.

मोईन अली ने इंटरव्यू में आगे ये भी कहा 'मुझे बहुत गर्व है. जब आप पहली बार इंग्लैंड के लिए खेलते हैं, तो आपको नहीं पता होता कि आपको कितने मैच खेलने हैं. इसलिए लगभग 300 मैच खेलना, मेरे शुरुआती कुछ साल टेस्ट क्रिकेट के इर्द-गिर्द ही बीते. जब मोर्गन ने एकदिवसीय क्रिकेट की कमान संभाली, तो यह और भी मजेदार हो गया, लेकिन टेस्ट क्रिकेट ही असली क्रिकेट था.



धोनी के करीबी दोस्त, अब फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे

मोईन अली अब सिर्फ फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर फोकस करेंगे. वो फ्यूचर में टी20 लीग में किसी भी फ्रेंचाइजी की कोचिंग करना चाहते हैं. फिलहाल वो वेस्टइंडीज में चल रहे सीपीएल 2024 में गत चैंपियन गुयाना अमेजन वॉरियर्स के साथ खेल रहे हैं. मोईन अली इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं. वो धोनी के करीबी दोस्तों में गिने जाते हैं.

कोच बनना चाहते हैं मोईन अली

मोईन अली ने कहा ' टी20 लीग मुझे अभी भी खेलना पसंद है, लेकिन कोचिंग कुछ ऐसा है जो मैं करना चाहता हूं. मैं सर्वश्रेष्ठ में से एक बनना चाहता हूं. मैं ब्रेंडन मैकुलम से बहुत कुछ सीख सकता हूं. मुझे उम्मीद है कि लोग मुझे एक स्वतंत्र व्यक्ति के रूप में याद रखेंगे. मैंने कुछ अच्छे शॉट और कुछ खराब शॉट खेले, लेकिन उम्मीद है कि लोगों को मुझे देखना पसंद आया होगा.



कैसा रहा मोईन अली का करियर?

मोईन ने 2014 में वेस्टइंडीज के दौरे पर इंग्लैंड के लिए अपना पहला वनडे मैच खेला था. उन्होंने 10 साल के करियर में देश के लिए 138 वनडे और 92 टी20 और 68 टेस्ट मैच खेले. तीनों  प्रारूपों में इंग्लैंड के लिए आठ शतकों और 28 अर्धशतकों सहित 6678 रन और 366 विकेट लिए हैं.