menu-icon
India Daily

ENG vs IND 5th Test: अंग्रेजों की वकालत कर रहे थे अंपायर! वीडियो में देखें कैसे मैदान पर ही केएल राहुल ने निकाली सारी हेकड़ी

ENG vs IND 5th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मैच ओवल में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भारत के स्टाक बल्लेबाज केएल राहुल को गुस्सा आ गया और वे अंपायर कुमार धर्मसेना से भिड़ गए.

mishra
ENG vs IND 5th Test: अंग्रेजों की वकालत कर रहे थे अंपायर! वीडियो में देखें कैसे मैदान पर ही केएल राहुल ने निकाली सारी हेकड़ी
Courtesy: Social Media

ENG vs IND 5th Test: लंदन के द ओवल मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें टेस्ट मैच के दूसरे दिन जमकर हंगामा हुआ. एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का यह आखिरी मुकाबला पहले से ही चर्चा में था और अब मैदान पर खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक ने इसे और रोमांचक बना दिया. भारतीय तेज गेंदबाजों ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को उकसाने की पूरी कोशिश की और इस दौरान केएल राहुल ने अंपायर की एकतरफा कार्रवाई पर खुलकर नाराजगी जताई.

दूसरे दिन का खेल शुरू होते ही दोनों टीमों के बीच तनाव साफ दिखाई देने लगा. भारतीय कोच गौतम गंभीर और ओवल के क्यूरेटर के बीच पहले से ही तीखी बयानबाजी हो चुकी थी और अब मैदान पर भी खिलाड़ी एक-दूसरे से भिड़ गए. भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को निशाना बनाया. रूट, जो आमतौर पर शांत रहते हैं लेकिन इस बार आपा खो बैठे और प्रसिद्ध के साथ तीखी बहस में उलझ गए.

अंपायर कुमार धर्मसेना और केएल राहुल की बहस

इस बीच अंपायर कुमार धर्मसेना ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और प्रसिद्ध को शांत रहने की हिदायत दी. लेकिन केएल राहुल को यह बात पसंद नहीं आई कि सिर्फ भारतीय खिलाड़ी को ही निशाना बनाया गया. स्टंप माइक में उनकी आवाज साफ सुनाई दी, जिसमें उन्होंने अंपायर से पूछा, "हमें क्या करना चाहिए? चुप रहें? बल्लेबाजी करें, गेंदबाजी करें और घर चले जाएं?" 

प्रसिद्ध ने नहीं छोड़ा रूट का पीछा

अंपायर की चेतावनी के बावजूद प्रसिद्ध ने हार नहीं मानी. अपनी अगली ओवर में भी उन्होंने रूट को उकसाना जारी रखा. यह देखकर साफ था कि भारतीय गेंदबाजों का इरादा इंग्लैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह से हिलाने का था. भारतीय टीम ने पहले दिन 224 रन पर अपनी पारी समेट ली थी और अब गेंदबाजों की जिम्मेदारी थी कि वे इंग्लैंड को बड़ा स्कोर बनाने से रोकें.

डकेट की चालाकी और भारत का जवाब

इंग्लैंड की तरफ से बेन डकेट ने आक्रामक रुख अपनाया. उन्होंने स्टंप माइक पर भारतीय गेंदबाज आकाश दीप को चुनौती दी कि वे उन्हें आउट करके दिखाएं. डकेट ने अपने साथी जैक क्रॉली के साथ मिलकर सिर्फ 77 गेंदों में 92 रनों की साझेदारी की. लेकिन आकाश दीप ने आखिरकार डकेट को रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में आउट कर दिया.