ENG vs IND 5th Test, Jasprit Bumrah: भारत और इंग्लैंड के बीच लंदन के ओवल स्टेडियम में होने वाले पांचवें टेस्ट मैच में भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नहीं खेलेंगे. इसको लेकर पुष्टि हो चुकी है और सीरीज से पहले भी इस को कंफर्म किया गया था कि वे सीरीज के 3 मैचों में ही खेलते हुए दिखाई देने वाले हैं.
शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम इस मैच में सीरीज को 2-2 से बराबर करने का मौका तलाशेगी क्योंकि अभी भारत 2-1 से पीछे है. यह मैच गुरुवार, 31 जुलाई को शुरू होगा.
BCCI की मेडिकल टीम ने बुमराह को इस मैच से आराम देने का फैसला किया है. यह निर्णय उनकी पीठ की समस्या को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि भविष्य के लिए उनकी फिटनेस सुनिश्चित की जा सके. इससे पहले सीरीज शुरू होने से पहले ही मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर और बुमराह ने संकेत दिए थे कि वह केवल तीन टेस्ट मैचों में खेलेंगे. बुमराह ने हेडिंग्ले में पहले टेस्ट में हिस्सा लिया था लेकिन एजबेस्टन टेस्ट में उन्हें आराम दिया गया था.
मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट में बुमराह ने 30 ओवर गेंदबाजी की, जो उनके करियर में दूसरी बार हुआ. इस दौरान इंग्लैंड ने 669 रनों का विशाल स्कोर बनाया, और बुमराह को केवल दो विकेट मिले. उनकी गेंदबाजी की रफ्तार भी कम रही, और वह एक भी गेंद 140 किमी/घंटा से ऊपर नहीं फेंक सके. इसके अलावा, मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान उनकी टखने में मामूली चोट भी लगी थी, जिसके बाद BCCI ने उनकी फिटनेस को लेकर सावधानी बरतने का फैसला किया.
बुमराह ने इस सीरीज में तीन टेस्ट मैचों में 14 विकेट लिए, जिसमें दो बार पांच विकेट लेने का कारनामा शामिल है. वह इस सीरीज में मोहम्मद सिराज के साथ संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. सिराज ने एक अतिरिक्त मैच खेला है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुमराह की जगह तेज गेंदबाज अकाश दीप को मौका दिया जाएगा. अकाश ने दूसरे टेस्ट में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन चोट के कारण वह चौथे टेस्ट में नहीं खेल सके थे. अब वह पूरी तरह फिट हैं और ओवल में खेलने के लिए तैयार हैं.