menu-icon
India Daily

IPL 2026: चिन्नास्वामी में DC का हल्ला बोल, राहुल-स्टब्स के तूफान में उड़ी RCB; दिल्ली ने 6 विकेट से चटाई धूल

दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को उसी के घर में 6 विकेट से करारी शिकस्त दी.

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
IPL 2026: चिन्नास्वामी में DC का हल्ला बोल, राहुल-स्टब्स के तूफान में उड़ी RCB; दिल्ली ने 6 विकेट से चटाई धूल
Courtesy: Social Media

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 26वें मुकाबले में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को उसी के घर में 6 विकेट से करारी शिकस्त दी है. एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में दिल्ली ने 176 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को आखिरी ओवर में शानदार अंदाज में हासिल कर लिया. दिल्ली की इस धमाकेदार जीत के हीरो केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स रहे, जिन्होंने शुरुआती झटकों के बाद बेहतरीन अर्धशतक जड़े.

भुवी के कहर के बाद राहुल-स्टब्स ने कराई वापसी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही. पॉवरप्ले में ही अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपनी स्विंग का जादू दिखाते हुए टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया. पथुम निसांका (1), इम्पैक्ट प्लेयर करुण नायर (5) और युवा समीर रिजवी (2) सस्ते में पवेलियन लौट गए. इसके बाद संकटमोचक बनकर क्रीज पर आए केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 69 रनों की अहम साझेदारी कर मैच में दिल्ली की शानदार वापसी कराई.

राहुल ने आक्रामक रुख अपनाया

राहुल ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 34 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 57 रन ठोके. क्रुणाल पंड्या ने राहुल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा, लेकिन स्टब्स एक छोर पर मजबूती से डटे रहे. अंत में किलर डेविड मिलर ने महज 10 गेंदों में नाबाद 22 रन कूटकर और स्टब्स (47 गेंदों में नाबाद 60 रन) के साथ मिलकर दिल्ली को जीत की दहलीज पार करा दी.

साल्ट की तूफानी फिफ्टी

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 175 रन बोर्ड पर लगाए. टीम को विराट कोहली (19) और फिल साल्ट ने 52 रनों की ठोस शुरुआत दी. साल्ट ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 38 गेंदों पर 63 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे.

साल्ट के आउट होते ही पारी लड़खड़ाई

हालांकि, साल्ट के आउट होते ही बेंगलुरु की पारी लड़खड़ा गई. कप्तान रजत पाटीदार (8), देवदत्त पडिक्कल (18) और क्रुणाल पंड्या (12) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. टिम डेविड ने 26 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन लगातार गिरते विकेटों के कारण टीम 200 के स्कोर तक नहीं पहुंच सकी. दिल्ली की ओर से लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव और कप्तान अक्षर पटेल ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट अपने नाम किए.

हेड-टू-हेड आंकड़े

आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 34 बार भिड़ंत हुई है. इन मुकाबलों में पलड़ा अभी भी RCB का ही भारी है. बेंगलुरु ने 20 मैच जीते हैं, जबकि दिल्ली को 13 मैचों में सफलता मिली है और 1 मैच बेनतीजा रहा है.

Topics