menu-icon
India Daily

कोहली को पीछे छोड़ केएल राहुल बने IPL के सबसे 'विराट' बल्लेबाज, बता रहे हैं ये आकड़े

आईपीएल में सबसे ज्यादा कंसिस्टेंट बल्लेबाज केएल राहुल साबित हुए हैं. उनका औसत बाकी खिलाड़ियों से काफी आगे है. आलोचनाओं के बावजूद उन्होंने लगातार प्रदर्शन किया और हाल के सीजन में स्ट्राइक रेट भी सुधारा है.

KanhaiyaaZee
कोहली को पीछे छोड़ केएल राहुल बने IPL के सबसे 'विराट' बल्लेबाज, बता रहे हैं ये आकड़े
Courtesy: Social Media (X)

नई दिल्ली: क्रिकेट में कंसिस्टेंसी यानी लगातार अच्छा प्रदर्शन करना सबसे बड़ी पहचान मानी जाती है. व्हाइट-बॉल क्रिकेट में विराट कोहली का नाम इस मामले में सबसे ऊपर आता है. टी20 और वनडे दोनों फॉर्मेट में उनका औसत शानदार रहा है. ऐसे में अक्सर यह माना जाता है कि आईपीएल में भी वही सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज होंगे. लेकिन आंकड़े कुछ और कहानी बताते हैं. इंडियन प्रीमियर लीग में कंसिस्टेंसी के मामले में एक और नाम उनसे आगे निकलता नजर आता है.

आईपीएल में रन और शतकों के मामले में कोहली का दबदबा जरूर है, लेकिन औसत के आंकड़ों में वह शीर्ष पर नहीं हैं. यहां कंसिस्टेंसी की असली पहचान KL Rahul बनकर उभरे हैं. 50 या उससे ज्यादा पारियां खेलने वाले बल्लेबाजों में राहुल का औसत सबसे ज्यादा है.

राहुल का औसत 45.67 है, जो बाकी बल्लेबाजों से करीब 10 प्रतिशत ज्यादा है. उनके बाद हेनरिक क्लासेन, डेविड वार्नर, शुभमन गिल, जोस बटलर और कोहली का नाम आता है. क्रिकेट जैसे प्रतिस्पर्धी खेल में इतना बड़ा अंतर बहुत मायने रखता है.

अलग-अलग भूमिकाओं में सफलता

राहुल ने अपने आईपीएल करियर में 5 टीमों के लिए खेला है और 6 अलग-अलग बल्लेबाजी स्थानों पर उतरे हैं. इसके बावजूद उनके प्रदर्शन में स्थिरता बनी रही. यह दिखाता है कि वह परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने में माहिर हैं.

स्ट्राइक रेट पर उठते सवाल

राहुल को अक्सर उनकी स्ट्राइक रेट को लेकर आलोचना झेलनी पड़ी है. खासकर पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते समय उनकी टीम की बल्लेबाजी कमजोर थी. ऐसे में उन्हें संभलकर खेलना पड़ता था, जिससे उनकी गति पर असर पड़ा.

नए अंदाज में वापसी

2025 में दिल्ली से जुड़ने के बाद राहुल ने अपने खेल में बदलाव दिखाया. 18 मैचों में उनका औसत 47.13 और स्ट्राइक रेट 153.69 रहा. अब वह तेजी और स्थिरता दोनों का संतुलन बनाते नजर आ रहे हैं.