menu-icon
India Daily

IPL 2026: हार की 'हैट्रिक' के बाद चेन्नई की धमाकेदार वापसी, संजू सैमसन के तूफान में उड़ी दिल्ली कैपिटल्स

आईपीएल 2026 के 18वें रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से मात दी. संजू सैमसन के नाबाद शतक और ओवर्टन की शानदार गेंदबाजी ने चेन्नई की लगातार हार का सिलसिला खत्म कर दिया.

KanhaiyaaZee
IPL 2026: हार की 'हैट्रिक' के बाद चेन्नई की धमाकेदार वापसी, संजू सैमसन के तूफान में उड़ी दिल्ली कैपिटल्स
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शनिवार की शाम पीली जर्सी वाली टीम और उनके प्रशंसकों के लिए खुशियां लेकर आई. आईपीएल 2026 के शुरुआती दौर में लगातार तीन मैचों में शिकस्त झेलने वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरकार अपनी पहली जीत दर्ज की. दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध खेले गए इस अहम मुकाबले में चेन्नई ने हर विभाग में संतुलित खेल दिखाया. टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने संजू सैमसन की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया.

चेन्नई सुपर किंग्स के नए सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन आज एक अलग ही अंदाज में नजर आए. राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड होकर आने के बाद उन पर उम्मीदों का भारी बोझ था. दिल्ली के गेंदबाजों के विरुद्ध उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए. सैमसन ने मात्र 56 गेंदों में नाबाद 115 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जिसमें 15 शानदार चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे. यह उनके आईपीएल करियर का चौथा और चेन्नई की टीम के लिए पहला शतक है.

सलामी जोड़ी और महात्रे का साथ 

पारी की शुरुआत में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन के बीच 62 रनों की मजबूत साझेदारी हुई. गायकवाड़ ने धैर्य के साथ 18 गेंदों में 15 रन बनाए. हालांकि. दूसरे छोर पर संजू को युवा सनसनी आयुष महात्रे का जबरदस्त समर्थन मिला. महात्रे ने 'रिटायर आउट' होने से पहले महज 36 गेंदों में 59 रनों की आक्रामक पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के जड़े. जिससे दिल्ली की गेंदबाजी रणनीति पूरी तरह धराशायी हो गई.

दिल्ली की बल्लेबाजी और अच्छी शुरुआत 

213 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत काफी प्रभावी थी. सलामी जोड़ी केएल राहुल और निसांका ने पहले विकेट के लिए महज 30 गेंदों में 61 रन जोड़ दिए थे. राहुल ने 18 रन बनाए जबकि निसांका ने 24 गेंदों में 41 रनों की तेजतर्रार पारी खेली. एक समय ऐसा लगा कि दिल्ली यह मैच आसानी से जीत लेगी. लेकिन मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों ने गलत समय पर अपने विकेट गंवाकर मैच हाथ से निकाल दिया.

ओवर्टन की घातक गेंदबाजी का कहर 

चेन्नई की जीत के दूसरे नायक तेज गेंदबाज ओवर्टन रहे. जिन्होंने दिल्ली की बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी. जब दिल्ली के बल्लेबाज आक्रामक रुख अपना रहे थे. तब ओवर्टन ने अपनी चतुराई भरी गेंदबाजी से चार महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. दिल्ली की ओर से ट्रिस्टन स्टब्स ने अंत तक संघर्ष किया और 38 गेंदों में 60 रन बनाए. लेकिन उन्हें दूसरे छोर से आवश्यक सहयोग नहीं मिला. डेविड मिलर और समीर रिजवी जैसे अनुभवी फिनिशर इस दबाव वाले मैच में नाकाम साबित हुए.

चेन्नई की टूर्नामेंट में जोरदार वापसी 

अंततः दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 189 रन बनाकर ढेर हो गई और चेन्नई ने यह मैच 23 रनों से जीत लिया. यह जीत चेन्नई के लिए एक नई शुरुआत की तरह है. क्योंकि इससे उनकी खोई हुई लय वापस मिल गई है. दूसरी तरफ. दिल्ली कैपिटल्स को लगातार दूसरे मुकाबले में हार का कड़वा घूंट पीना पड़ा है. दिल्ली के लिए गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने एकमात्र सफलता हासिल की. लेकिन उनकी बल्लेबाजी टीम के स्कोरबोर्ड को पार नहीं करा सकी.