2027 वनडे वर्ल्ड कप से पहले Team India की तैयारियों को लेकर बड़ा प्लान सामने आया है. भारतीय टीम टूर्नामेंट से ठीक पहले साउथ अफ्रीका (South Africa) का दौरा कर सकती है. BCCI और क्रिकेट साउथ अफ्रीका (Cricket South Africa) के बीच 4 से 6 वनडे की सीरीज को लेकर चर्चा चल रही है. टीम मैनेजमेंट चाहता है कि विश्व कप से पहले खिलाड़ियों को अफ्रीकी परिस्थितियों में पर्याप्त मुकाबले खेलने का मौका मिले. हालांकि, सीरीज की तारीख और मैचों की संख्या अभी तय नहीं हुई है.
2027 का वनडे वर्ल्ड कप अक्टूबर नवंबर में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित होना है. ऐसे में भारतीय टीम के लिए मेजबान क्षेत्र की परिस्थितियों से परिचित होना अहम होगा. रिपोर्ट के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट के आग्रह के बाद BCCI ने CSA से संपर्क किया है. प्रस्तावित सीरीज का मकसद खिलाड़ियों को पिच, उछाल, मौसम और तेज गेंदबाजी के अनुकूल बनाने के साथ जरूरी मैच अभ्यास देना है.
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच प्रस्तावित सीरीज में 4 से 6 वनडे मुकाबले हो सकते हैं. हालांकि, अभी मैचों की संख्या और कार्यक्रम पर अंतिम सहमति नहीं बनी है. इसे सामान्य द्विपक्षीय दौरे के बजाय वर्ल्ड कप की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. अगर दोनों बोर्ड के बीच बात बनती है, तो विश्व कप से पहले भारतीय खिलाड़ियों को अफ्रीकी परिस्थितियों में लगातार खेलने का अहम मौका मिल सकता है.
2023-27 के मौजूदा Future Tours Programme में वर्ल्ड कप से पहले भारत और साउथ अफ्रीका के बीच ऐसी वनडे सीरीज शामिल नहीं है. भारत का मौजूदा द्विपक्षीय कार्यक्रम करीब मार्च 2027 तक चलता है, जबकि वर्ल्ड कप अक्टूबर नवंबर में होना है. नई FTP अभी तैयार नहीं हुई है, इसलिए दोनों बोर्ड के पास इस सीरीज को कार्यक्रम में शामिल करने की गुंजाइश मौजूद है.
वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम का शेड्यूल काफी व्यस्त है. घरेलू कार्यक्रम में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन, न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच, श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-3 वनडे शामिल हैं. इसके अलावा कई T20I मुकाबले और न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज भी है. घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी भी खेलनी है. ऐसे में खिलाड़ियों के वर्कलोड और फिटनेस पर नजर रखना चुनौती होगी.