menu-icon
India Daily

90s में फिर फंसे Vaibhav! 9 महीने में 7वीं बार शतक से चूके, रिकॉर्ड तो बना लेकिन सेंचुरी अभी भी दूर

वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में 92 रन की तेज पारी खेली, लेकिन फिर शतक से चूक गए. पिछले नौ महीनों में यह सातवीं बार है जब वह 90s में आउट हुए.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
90s में फिर फंसे Vaibhav! 9 महीने में 7वीं बार शतक से चूके, रिकॉर्ड तो बना लेकिन सेंचुरी अभी भी दूर
Courtesy: X (@CricketCentrl)

15 साल के वैभव सूर्यवंशी लगातार बड़ी पारियों और रिकॉर्ड के कारण चर्चा में हैं, लेकिन नर्वस नाइंटीज उनका पीछा नहीं छोड़ रही. दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन के खिलाफ उन्होंने 42 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 92 रन तक पहुंचे. इसके बाद हर्ष दुबे की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में विकेट गंवा बैठे. पिछले नौ महीनों में यह सातवां मौका है, जब वैभव 90s में आउट हुए.

92 पर फिर छूटा शतक

ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. 42 गेंदों में पचासा पूरा करने के बाद उन्हें एक जीवनदान भी मिला. इसके बावजूद वह शतक नहीं बना सके. 92 रन पर उन्होंने हर्ष दुबे की गेंद को छक्के के लिए भेजने की कोशिश की, लेकिन गेंद ऊंची गई और उनका सफर वहीं खत्म हो गया. एक बार फिर उनका आक्रामक अंदाज शतक की राह में आ गया.

9 महीने में 7वीं बार 90s पर आउट

वैभव के पिछले नौ महीनों के आंकड़े हैरान करने वाले हैं. वह पिछले 9 महीने में 7 बार 90s पर आउट हुए हैं. वह मेघालय के खिलाफ 93, स्कॉटलैंड U-19 के खिलाफ 96 और IPL 2026 में LSG के खिलाफ 93, SRH के खिलाफ 97 और GT के खिलाफ 96 रन बनाए. इसके बाद श्रीलंका ए के खिलाफ 94 और अब सेंट्रल जोन के खिलाफ 92 रन पर आउट हुए.

हर बार अलग रहा आउट होने का तरीका

90s में पहुंचने के बाद वैभव का विकेट अलग-अलग तरीकों से गिरा है. मेघालय के खिलाफ वह LBW हुए, जबकि श्रीलंका ए के खिलाफ मिड ऑफ पर कैच दे बैठे. IPL में भी बड़े शॉट खेलने की कोशिश भारी पड़ी. सेंट्रल जोन के खिलाफ उन्होंने छक्का लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद पर नियंत्रण नहीं रख सके और 92 रन पर पवेलियन लौट गए.

रिकॉर्ड बना, लेकिन शतक का इंतजार कायम

इस पारी में वैभव ने निराशा के साथ इतिहास भी रचा. 15 साल 157 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाकर वह दलीप ट्रॉफी में ऐसा करने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने. उन्होंने लक्ष्मण सिंह का 16 साल 23 दिन की उम्र का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा. यानी 92 रन की पारी ने वैभव को रिकॉर्ड तो दिया, लेकिन शतक का इंतजार एक बार फिर बढ़ा दिया.