इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बीच रोहित शर्मा के संन्यास की खबरों ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी थी. अब BCCI ने इन अटकलों पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है. उन्होंने भारतीय कप्तान के वनडे करियर को लेकर बहुत बड़ा खुलाया किया है.
BCCI सचिव ने रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चल रही सभी चर्चाओं को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है कि लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे रोहित का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा. उनके अनुसार मीडिया में चल रही खबरों का वास्तविक स्थिति से कोई संबंध नहीं है. बोर्ड का साफ कहना है कि रोहित शर्मा अभी भी भारतीय वनडे टीम के नियमित सदस्य हैं और जब तक टीम प्रबंधन उन्हें अपनी योजनाओं में शामिल रखेगा, तब तक वह भारत के लिए खेलते रहेंगे. इस बयान के बाद रोहित के संन्यास को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है.
हाल के मुकाबलों में रोहित शर्मा का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला है. इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में उन्होंने 11 और 26 रन बनाए. इसके बाद सोशल मीडिया और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि क्या चयनकर्ता अब भविष्य की ओर देख रहे हैं. हालांकि इससे पहले रोहित खुद कई बार यह इच्छा जता चुके हैं कि वह 2027 वनडे विश्व कप तक खेलना चाहते हैं. ऐसे में बीसीसीआई के बयान ने यह संकेत दिया है कि सिर्फ कुछ पारियों के आधार पर उनके भविष्य का फैसला नहीं किया गया है.
BCCI SECRETARY ON ROHIT SHARMA. 🗣️
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) July 17, 2026
“There are lot of speculations going on in media about Rohit Sharma's future. I want to firmly assert that there has been no such discussion that Rohit will be playing his last match at Lord's. Rohit is a regular member of ODI team and will… pic.twitter.com/Q9bkdDRpCb
भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी रोहित शर्मा का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि इतने अनुभवी और बड़े खिलाड़ी पर कुछ मैचों के प्रदर्शन का दबाव नहीं बनाया जा सकता. उनके मुताबिक रोहित जैसे खिलाड़ी किसी भी समय बड़ी पारी खेल सकते हैं और टीम को जीत दिला सकते हैं. कोटक ने यह भी कहा कि दूसरे वनडे में रोहित अच्छी शुरुआत करते हुए नजर आ रहे थे लेकिन वह लंबी पारी नहीं खेल सके. भारतीय टीम को भरोसा है कि कप्तान जल्द ही अपने पुराने अंदाज में वापसी करेंगे और आने वाले बड़े मुकाबलों में टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे.