menu-icon
India Daily

Chennai Grand Masters: वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को लगा बड़ा झटका, अलीरेजा फिरोजा ने 69 चालों में किया धराशायी

चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स के दूसरे राउंड में अलीरेजा फिरोजा ने मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश को हराकर बड़ा उलटफेर किया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
Chennai Grand Masters: वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को लगा बड़ा झटका, अलीरेजा फिरोजा ने 69 चालों में किया धराशायी
Courtesy: X

चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स में दूसरे राउंड का सबसे बड़ा नतीजा तब सामने आया, जब फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरोजा ने विश्व चैंपियन डी गुकेश को मात दी. इस जीत के बाद फिरोजा ने लगातार दूसरी सफलता हासिल करते हुए टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है.

फिरोजा ने गुकेश को 69 चालों में हराया

दूसरे राउंड का सबसे चर्चित मुकाबला अलीरेजा फिरोजा और डी गुकेश के बीच खेला गया. मुकाबले की शुरुआत 'द वेस्टिन चेन्नई वेलाचेरी' में हुई, जहां पहली चाल जनरल मैनेजर दीपराज मुखर्जी ने चली. सफेद मोहरों से खेलते हुए फिरोज़ा ने 'रुय लोपेज़' ओपनिंग अपनाई. वहीं गुकेश ने पूरे मैच में मजबूत बचाव किया. लंबे समय तक दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबरी का खेल देखने को मिला लेकिन एंडगेम में फिरोज़ा ने शानदार चाल चलते हुए प्यादे का बलिदान दिया और वहीं से बाजी अपने पक्ष में कर ली. आखिरकार 69 चालों के बाद उन्होंने विश्व चैंपियन को हार मानने पर मजबूर कर दिया.

बाकी मुकाबलों में ड्रॉ का रहा दबदबा

दूसरे राउंड के अन्य मुकाबलों में कोई खिलाड़ी जीत दर्ज नहीं कर सका. भारतीय ग्रैंडमास्टर एम प्रणेश ने पहले राउंड की हार के बाद वापसी करते हुए रूस के दिमित्री आंद्रेकिन के खिलाफ काले मोहरों से खेलते हुए सिर्फ 18 चालों में ड्रॉ किया. वहीं अर्जुन एरिगैसी ने उज़्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ शानदार बचाव किया और 43 चालों के बाद मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ. दोनों खिलाड़ियों ने बिना जोखिम लिए एक-एक अंक साझा किए.

निहाल का शानदार बचाव

दिन का सबसे लंबा मुकाबला निहाल सरीन और अमेरिकी ग्रैंडमास्टर हंस नीमन के बीच खेला गया. यह मुकाबला 132 चालों तक चला और छह घंटे से ज्यादा समय तक दोनों खिलाड़ी बोर्ड पर डटे रहे. नीमन लगातार दबाव बनाते रहे, लेकिन निहाल ने धैर्य नहीं खोया और आखिर तक मजबूत बचाव करते हुए ड्रॉ हासिल कर लिया. आठ खिलाड़ियों वाले इस डबल राउंड-रॉबिन टूर्नामेंट में 75 लाख रुपये की इनामी राशि और अहम FIDE सर्किट अंक दांव पर हैं. लगातार दो जीत के साथ अलीरेजा फिरोजा अकेले शीर्ष पर पहुंच गए हैं. वहीं गुकेश अब तीसरे राउंड में वापसी की कोशिश करेंगे.