ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. लंबे समय बाद कप्तान पैट कमिंस, तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड और अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन की वापसी टीम के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है.
ऑस्ट्रेलिया की 13 सदस्यीय टीम में कप्तान पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड और नाथन लियोन की वापसी सबसे बड़ी खबर रही. तीनों खिलाड़ी पिछले कुछ समय से चोटों के कारण टीम से बाहर थे. अब उनके फिट होकर लौटने से ऑस्ट्रेलिया का गेंदबाजी आक्रमण पहले से ज्यादा मजबूत दिखाई दे रहा है. पहला टेस्ट 13 से 17 अगस्त के बीच डार्विन में खेला जाएगा. वहीं दूसरा मुकाबला 22 से 26 अगस्त तक मैके में होगा.
पैट कमिंस एडिलेड में एशेज जीत के बाद से कोई टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे. पीठ की चोट के कारण उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रहना पड़ा. अब उनकी वापसी ऐसे समय में हुई है, जब ऑस्ट्रेलिया के सामने आने वाले महीनों में काफी व्यस्त कार्यक्रम है. अगर टीम एक बार फिर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचती है, तो अगले एक साल में उसे कई टेस्ट मैच खेलने होंगे. ऐसे में कप्तान का पूरी तरह फिट रहना टीम के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है. हेजलवुड और लियोन भी अपनी चोटों से उबरकर वापसी कर रहे हैं और दोनों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.
ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने इस बार अनुभव को प्राथमिकता दी है. माइकल नेसर, टॉड मर्फी और ब्रेंडन डॉगेट जैसे खिलाड़ियों को टीम में जगह नहीं मिली, हालांकि उन्हें स्टैंडबाय सूची में रखा गया है. यह सीरीज उस्मान ख्वाजा के संन्यास के बाद ऑस्ट्रेलिया की पहली टेस्ट सीरीज भी होगी. चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा कि कमिंस, हेज़लवुड और लियोन ने फिटनेस हासिल करने के लिए काफी मेहनत की है. उनका मानना है कि आने वाले बड़े मुकाबलों को देखते हुए मजबूत और अनुभवी टीम का होना बेहद जरूरी है.
पैट कमिंस, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, जेक वेदरल्ड, ब्यू वेबस्टर.