आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन लगातार चर्चा में है. दसवें दिन की शुरुआत भी देश के लिए सिल्वर मेडल के साथ हुई. भारत ने अब तक कुल 46 पदक अपने नाम कर लिए हैं, जिनमें 4 गोल्ड, 21 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज शामिल हैं. शूटिंग, एथलेटिक्स, कबड्डी, स्क्वॉश, वुशू और अन्य खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. इस दौरान कई खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक उपलब्धियां भी दर्ज की हैं.
बता दें भारत ने अब तक चार गोल्ड मेडल जीते हैं. जिसमें भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया था. मंधाना, ऋचा घोष और शेफाली वर्मा के दमदार प्रदर्शन से भारत ने 216 रन बनाए, जबकि श्रीलंका 69 रन पर सिमट गया. शूटिंग में सुरुचि और कमलजीत ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में गोल्ड जीता. भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमों ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया.
भारत के नाम 21 सिल्वर मेडल हैं. शूटिंग में नीरू, मनीषा और आशिमा ने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत जीता. यश वीर सिंह ने जैवलिन थ्रो, मुरली श्रीशंकर ने लॉन्ग जंप और गुलवीर सिंह ने 1500 मीटर में सिल्वर अपने नाम किया. ईशा सिंह, एंसी सोजन, सर्वेश कुशारे और अनाहत सिंह भी रजत जीतने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं. मीराबाई चानू ने 49 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग में 198 किलो वजन उठाकर सिल्वर जीता.
भारत ने 21 ब्रॉन्ज मेडल भी जीते हैं. पारुल चौधरी, रोहित यादव, हरिता भद्रा, तेजस्विन शंकर और पिंकी बलहारा ने अलग-अलग स्पर्धाओं में कांस्य हासिल किया. सुचिका तारियाल ने 60 किलोग्राम MMA वर्ग में ब्रॉन्ज जीतकर इतिहास रचा, क्योंकि यह एशियन गेम्स में भारत का पहला MMA पदक है. बरनिका इलांगोवन ने पोल वॉल्ट में ऐतिहासिक कांस्य जीता.
भारत की पदक तालिका में शूटिंग और एथलेटिक्स का बड़ा योगदान रहा है. एयर राइफल, राइफल 3P, ट्रैप और स्कीट जैसी स्पर्धाओं में कई पदक आए हैं. एथलेटिक्स में गुलवीर सिंह के अलावा तजिंदरपाल सिंह तूर, मनप्रीत कौर और प्राची चौधरी ने भी पदक जीते. स्क्वॉश, बैडमिंटन, रोइंग, टेबल टेनिस और सॉफ्टबॉल टेनिस में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पोडियम पर जगह बनाई है.