menu-icon
India Daily

Asian Games 2026: 26 सितंबर को भारत का पूरा शेड्यूल, कबड्डी में गोल्ड के लिए ईरान से मुकाबला

Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है. सातवें दिन का खेल खत्म होने के बाद भारत के अकाउंट में कुल 23 मेडल हैं, जिसमें 2 गोल्ड, 9 सिल्वर और 12 ब्रॉन्ज शामिल हैं.

Shilpa Shrivastava
Asian Games 2026: 26 सितंबर को भारत का पूरा शेड्यूल, कबड्डी में गोल्ड के लिए ईरान से मुकाबला
Courtesy: Asian Games

Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है. सातवें दिन का खेल खत्म होने के बाद भारत के अकाउंट में कुल 23 मेडल हैं, जिसमें 2 गोल्ड, 9 सिल्वर और 12 ब्रॉन्ज शामिल हैं. अब 26 सितंबर को भारतीय खिलाड़ी कई खेलों में मैदान पर उतरेंगे.

शनिवार का दिन भारत के लिए खास रहने वाला है, क्योंकि महिला और पुरुष दोनों कबड्डी टीमों के गोल्ड मेडल मैच ईरान के खिलाफ हैं. महिला टीम का फाइनल सुबह 9:30 बजे और पुरुष टीम का फाइनल दोपहर 2:30 बजे खेला जाएगा.

कबड्डी में गोल्ड के लिए भारत-ईरान मुकाबला:

कबड्डी में भारत की दोनों टीमें गोल्ड मेडल के लिए ईरान से भिड़ेंगी. महिला टीम का मुकाबला सुबह 9:30 बजे से शुरू हो चुका है, जबकि पुरुष टीम का फाइनल दोपहर 2:30 बजे होगा. भारत दोनों वर्गों में पिछली बार के चैंपियन के तौर पर उतर रहा है.

एथलेटिक्स में भी कई मेडल इवेंट:

एथलेटिक्स में भारत के कई बड़े खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे. सुबह पुरुष मैराथन में सावन बरवाल उतरेंगे. इसके अलावा तेजस्विन शंकर और थौफीक नौशाद डेकाथलॉन में हिस्सा लेंगे. शाम का समय भारतीय एथलीटों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा. तजिंदरपाल सिंह तूर और करणवीर सिंह पुरुष शॉट पुट फाइनल में हिस्सा लेंगे. इसके बाद प्रवीण चित्रवेल और कार्तिक उन्नीकृष्णन पुरुष ट्रिपल जंप फाइनल में उतरेंगे.

महिलाओं की 400 मीटर फाइनल में किरण और प्राची, जबकि पुरुष 400 मीटर फाइनल में विशाल टीके भारत की चुनौती पेश करेंगे. महिला 1500 मीटर फाइनल में पारुल चौधरी और पूजा पर भी नजर रहेगी. इसके अलावा अनिमेश कुजूर 200 मीटर, शैली सिंह और एंसी सोजन लॉन्ग जंप, ज्योति याराजी और नंदिनी कंगन 100 मीटर हर्डल्स तथा उन्नति बोलैंड और हरिता भद्रा 200 मीटर में उतरेंगी.

शूटिंग में भी मेडल की उम्मीद:

शूटिंग में महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन स्पर्धा अहम होगी. तिलोत्तमा सेन, आशी चौकसे और विदरसा के. विनोद क्वालिफिकेशन और टीम इवेंट में हिस्सा लेंगी. अगर खिलाड़ी क्वालिफाई करती हैं तो व्यक्तिगत फाइनल भी खेलेंगी. विदरसा इससे पहले महिला राइफल टीम में भारत के सिल्वर मेडल का हिस्सा रह चुकी हैं.

बैडमिंटन में सिंधु और लक्ष्य सेन पर नजर:

बैडमिंटन में लक्ष्य सेन पुरुष सिंगल्स के दूसरे राउंड में लोह कीन येव से भिड़ेंगे. महिला सिंगल्स में उन्नति हुड्डा और पीवी सिंधु अपने-अपने मुकाबले खेलेंगी. महिला डबल्स में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी जापान की जोड़ी के खिलाफ उतरेगी.

हॉकी में जापान से मुकाबला:

भारतीय पुरुष हॉकी टीम भी 26 सितंबर को मैदान पर होगी. दोपहर 1:30 बजे भारत का मुकाबला जापान से होगा. यह पूल ए का मुकाबला है.

स्क्वैश में सेमीफाइनल:

स्क्वैश में भारत की नजर पदक पर होगी. अनाहत सिंह महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में जापान की सातोमी वातानाबे से भिड़ेंगी. पुरुष सिंगल्स सेमीफाइनल में अभय सिंह का सामना पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान से होगा. मिक्स्ड डबल्स में वेलावन सेंथिलकुमार और जोशना चिनप्पा की जोड़ी भी सेमीफाइनल खेलेगी.

बॉक्सिंग और तीरंदाजी में भी भारतीय खिलाड़ी:

बॉक्सिंग में जादुमणि सिंह, कपिल पोखरिया और प्रिया अपने-अपने मुकाबले खेलेंगे. वहीं तीरंदाजी में भारतीय खिलाड़ी रिकर्व और कंपाउंड की अलग-अलग क्वालिफिकेशन स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा टेबल टेनिस, ई-स्पोर्ट्स, कैनो स्प्रिंट, सेलिंग, घुड़सवारी, सर्फिंग और फेंसिंग में भी भारतीय खिलाड़ी एक्शन में दिखाई देंगे.

26 सितंबर भारत के लिए क्यों खास?

26 सितंबर को भारत के लिए सबसे बड़ा आकर्षण कबड्डी के दोनों गोल्ड मेडल मैच होंगे. इसके अलावा एथलेटिक्स, शूटिंग और स्क्वैश में भी पदक जीतने के मौके हैं. पूरे दिन भारतीय खिलाड़ियों की कई स्पर्धाएं चलेंगी, इसलिए खेल प्रशंसकों के लिए शनिवार काफी व्यस्त रहने वाला है.