FIFA World Cup 2026 के नॉकआउट मुकाबले अब और रोमांचक हो गए हैं. मंगलवार को मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना मिस्र से होगा. दोनों टीमें क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान में उतरेंगी. भारतीय दर्शक भी इस बड़े मुकाबले का सीधा प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे.
अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रिया, अल्जीरिया और जॉर्डन को हराकर पूरे नौ अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया. हालांकि राउंड ऑफ 32 में उसे केप वर्डे के खिलाफ कड़ी चुनौती मिली. मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम तक पहुंचा लेकिन 111वें मिनट में क्रिस्टियन रोमेरो के हेडर ने टीम को 3-2 की जीत दिला दी. टीम एक बार फिर अपने कप्तान लियोनेल मेसी से बड़ी उम्मीद लगाए बैठी है. मेसी अब तक सात गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे और नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड के बराबर पहुंच चुके हैं. अर्जेंटीना अब लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने की कोशिश में है.
मिस्र ने ग्रुप G में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर नया इतिहास बनाया. यह विश्व कप नॉकआउट चरण में उसकी पहली जीत रही. अब टीम पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का सपना पूरा करना चाहती है. कप्तान मोहम्मद सलाह हैमस्ट्रिंग की परेशानी के बावजूद पिछले मुकाबले में पूरे 120 मिनट मैदान पर रहे और पेनल्टी शूटआउट में शानदार गोल किया. इमाम अशौर अब तक टीम के लिए सबसे ज्यादा दो गोल कर चुके हैं. दोनों देशों के बीच यह पहला विश्व कप मुकाबला होगा. इससे पहले दोनों टीमें सिर्फ 2008 के एक दोस्ताना मैच में भिड़ी थीं, जिसमें अर्जेंटीना ने 2-0 से जीत दर्ज की थी.
अर्जेंटीना और मिस्र के बीच राउंड ऑफ़ 16 का मुकाबला मंगलवार, 7 जुलाई को अटलांटा, जॉर्जिया के अटलांटा स्टेडियम में खेला जाएगा. भारतीय समय के अनुसार मैच रात 9:30 बजे शुरू होगा. फुटबॉल प्रेमी इस बड़े मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग Zee5 की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर देख सकेंगे. दोनों टीमों के मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए यह मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है. एक तरफ अर्जेंटीना अपने खिताब की रक्षा करना चाहेगा, तो दूसरी ओर मिस्र पहली बार अंतिम आठ में जगह बनाकर नया इतिहास लिखने की कोशिश करेगा.