menu-icon
India Daily

INDW vs AUSW: T20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले भारत को मिली बड़ी हार, ऑस्ट्रेलिया ने इंटरनेशनल महिला दिवस पर 10 विकेट से हराया

भारतीय महिला टीम मौजूदा समय में ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है. जहां टीम को ऑस्ट्रेलिया ने करारी शिकस्त दी है. कंगारू टीम ने भारतीय महिला टीम को एकमात्र डे नाइट टेस्ट मैच में दस विकेट से हराकर मुकाबले को अपने नाम कर लिया है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
INDW vs AUSW: T20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले भारत को मिली बड़ी हार, ऑस्ट्रेलिया ने इंटरनेशनल महिला दिवस पर 10 विकेट से हराया
Courtesy: @ddsportschannel X account

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप का खिताबी मुकाबला आज रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है. जिसके लिए फैंस काफी उत्साहित है. लेकिन इस मैच से पहले इंटरनेशनल महिला दिवस के दिन भारतीय महिला टीम को ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा है. 

बता दें पर्थ में खेले गए डे नाइट टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से हरा दिया. तीन दिन के भीतर समाप्त हुए इस मैच में मेजबान टीम हर विभाग में भारतीय टीम पर भारी पड़ी. इस जीत ने ऑस्ट्रेलिया की मजबूती को एक बार फिर साबित कर दिया.

दस विकेट से हारी टीम इंडिया

पर्थ में खेले गए इस एकमात्र टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरी पारी में 149 रनों पर समेट दिया. इसके बाद कंगारू टीम ने 25 रनों के छोटे लक्ष्य को बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया. यह मुकाबला ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली के लिए बेहद खास रहा, क्योंकि उन्होंने अपने टेस्ट करियर का अंत शानदार जीत के साथ किया.

दूसरी पारी में जल्द सिमटी भारतीय टीम

तीसरे दिन की शुरुआत में भारतीय टीम का स्कोर छह विकेट पर 105 रन था और टीम मुश्किल स्थिति से गुजर रही थी. इस दौरान प्रतिका रावल और स्नेह राणा ने कुछ देर संघर्ष किया. रावल ने धैर्य के साथ 63 रन बनाए, जबकि राणा ने 30 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम को बड़ी बढ़त दिलाने में वे सफल नहीं हो सके.

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का दबदबा

ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. एश गार्डनर और एनाबेल सदरलैंड की शानदार गेंदबाजी ने भारत की पारी को जल्दी समेट दिया. राणा का विकेट गिरने के बाद भारतीय बल्लेबाजी क्रम तेजी से बिखर गया और पूरी टीम 149 रन पर ऑल आउट हो गई.

लक्ष्य हासिल करने में नहीं हुई परेशानी

25 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की सलामी जोड़ी जॉर्जिया वोल और फोबे लिचफील्ड को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी. दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 4.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर टीम को आसान जीत दिला दी.