AFG vs PAK: शारजाह में शुक्रवार को यूएई टी20 ट्राई-सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 39 रनों से हरा दिया. यह जीत एशिया कप से पहले पाकिस्तान की तैयारियों को मजबूती देती है. बल्लेबाजी में दमदार शुरुआत, अनुशासित गेंदबाजी और सही समय पर चमके खिलाड़ियों ने इस जीत को आसान बना दिया.
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 182 रन बनाए. कप्तान सलमान आगा ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए 53 रनों की पारी खेली. मिडिल ओवरों में उन्होंने संयम दिखाया और फिर आक्रामक रुख अपनाते हुए मिडविकेट की दिशा में तीन छक्के और चार चौके लगाए. उनकी पारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
अफगानिस्तान की शुरुआत विस्फोटक रही. सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने 38 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. लेकिन पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने जल्दी ही पकड़ बनाई. 12वें ओवर में हारिस रऊफ ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए डबल विकेट मेडन ओवर डाला. उन्होंने सदिकुल्लाह अतल और करीम जनत को लगातार गेंदों पर आउट किया. इसके बाद अफगानिस्तान की पारी बिखर गई और 93/2 से वे जल्द ही मुश्किल में आ गए.
अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने 16 गेंदों में 39 रनों की शानदार पारी खेलकर हार न मानने का जज्बा दिखाया. हारिस रऊफ के एक ओवर में तीन गगनचुंबी छक्के जड़कर उन्होंने शारजाह के दर्शकों का दिल जीत लिया. उनकी पारी ने कुछ देर के लिए अफगान प्रशंसकों में उम्मीद जगाई. लेकिन राशिद के डीप में कैच आउट होने के बाद अफगानिस्तान की पारी 19.5 ओवर में 143 रनों पर सिमट गई.
पाकिस्तान की गेंदबाजी में हारिस रऊफ ने 4 विकेट लेकर सबसे ज्यादा प्रभावित किया. उनकी रफ्तार और सटीकता ने अफगान बल्लेबाजों को परेशान किया. शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद नवाज ने 2-2 विकेट लिए. युवा बाएं हाथ के स्पिनर सूफियान मुकीम ने भी 2 विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी.
एशिया कप 2025 से पहले यह पाकिस्तान के लिए अच्छी खबर है कि वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. पाकिस्तान की टीम में युवा खिलाड़ी शामिल हैं और बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान जैसे खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है. ऐसे में उनके लिए यह एक अच्छी शुरुआत है.