menu-icon
India Daily

अभिषेक शर्मा का 'शून्य' काल, रोहित-संजू को पीछे छोड़ बना डाला ये शर्मनाक रिकॉर्ड

सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए साल 2026 किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहली ही गेंद पर आउट होकर उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक बार शून्य पर आउट होने का शर्मनाक भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

KanhaiyaaZee
अभिषेक शर्मा का 'शून्य' काल, रोहित-संजू को पीछे छोड़ बना डाला ये शर्मनाक रिकॉर्ड
Courtesy: X

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए सितारे और सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए साल 2026 उम्मीदों के विपरीत बेहद उतार-चढ़ाव भरा साबित हो रहा है. जो बल्लेबाज पिछले 20 महीनों से मैदान के हर कोने में बाउंड्री की बौछार कर रहा था, आज उसका बल्ला रन बनाने के लिए तरस रहा है. टी20 वर्ल्ड कप के बाद अब आईपीएल 2026 में भी उनकी फॉर्म ने साथ छोड़ दिया है. हालत यह है कि उन्होंने अब एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसे कोई भी बल्लेबाज कभी याद नहीं रखना चाहेगा.

सोमवार, 13 अप्रैल को हैदराबाद के घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 का 21वां मैच खेला गया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम और उसके प्रशंसकों को उम्मीद थी कि आज अभिषेक शर्मा और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की टक्कर देखने को मिलेगी. दोनों ही बल्लेबाजों ने हाल के दिनों में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से तहलका मचाया था, लेकिन इस मुकाबले में अभिषेक अपनी चमक बिखेरने में पूरी तरह नाकाम रहे.

जोफ्रा आर्चर की पहली ही गेंद पर 'गोल्डन डक'

पारी की पहली ही गेंद पर अभिषेक ने आक्रामक रुख अपनाते हुए जोफ्रा आर्चर के खिलाफ कदमों का इस्तेमाल किया. उन्होंने ऊंचा कट शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बाउंड्री पार करने के बजाय डीप बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े फील्डर के हाथों में समा गई. जोफ्रा आर्चर की गति और सटीकता ने अभिषेक को खाता खोलने का मौका तक नहीं दिया और वह 'गोल्डन डक' (पहली ही गेंद पर शून्य) का शिकार होकर पवेलियन लौट गए.

रोहित शर्मा और संजू सैमसन का रिकॉर्ड ध्वस्त 

अभिषेक के 79 पारियों वाले आईपीएल करियर में यह पहला मौका था जब वह गोल्डन डक पर आउट हुए. हालांकि, इस साल टी20 क्रिकेट में यह उनका सातवां 'डक' था. महज साढ़े तीन महीने के भीतर अभिषेक ने रोहित शर्मा और संजू सैमसन (दोनों के 6-6 डक) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. साल 2026 में अब तक 18 टी20 पारियों में उन्होंने 5 अर्धशतक जरूर लगाए हैं, लेकिन 7 बार शून्य पर आउट होना उनकी निरंतरता पर गंभीर सवाल खड़े करता है. यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एक साल में सर्वाधिक बार शून्य पर आउट होने का नया रिकॉर्ड है.