Champions Trophy 2025: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरूआत 19 फरवरी से होने वाली है, जबकि टीम इंडिया अपने अभियान का आगाज 20 फरवरी से करने वाली है. इस टूर्नामेंट से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है और जसप्रीत बुमराह चोट की वजह से बाहर हो गए हैं. हालांकि, टीम इंडिया इस ट्रॉफी को अपने नाम करना चाहेगी क्योंकि कुछ खिलाड़ियों के लिए ये आखिरी टूर्नामेंट साबित हो सकता है.
ऐसे में इसी को ध्यान में रखते हुए भारत के पूर्व बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का कहना है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के अलावा रविंद्र जडेजा भी संन्यास का ऐलान कर सकते हैं. बता दें कि ये तीनों खिलाड़ी टी-20 से संन्यास का ऐलान कर चुके हैं और ऐसे में अगला 50 ओवर का आईसीसी टूर्नामेंट 2027 में खेला जाना है और ऐसे में ये दोनों ही खिलाड़ी संन्यास का ऐलान कर सकते हैं.
आकाश चोपड़ा ने अपने हालिया यूट्यूब वीडियो में कहा कि यह चैंपियंस ट्रॉफी इन तीनों खिलाड़ियों के लिए ICC टूर्नामेंटों में आखिरी अवसर हो सकता है. चोपड़ा ने यह भी कहा कि यह खिलाड़ी भारत के अगले ICC इवेंट, यानी 2027 के ODI वर्ल्ड कप में नहीं खेलेंगे, क्योंकि तब तक काफी समय गुजर चुका होगा और स्थिति पूरी तरह बदल चुकी होगी.
कोहली, रोहित और जडेजा ने पहले ही T20I क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था, जो 2024 के T20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद हुआ था. अब, यह सवाल उठने लगा है कि क्या ये खिलाड़ी 50 ओवरों के क्रिकेट में भी अपना आखिरी कदम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद रखेंगे.
इन तीनों दिग्गजों की उम्र भी उनके रिटायरमेंट की संभावना को और बढ़ाती है. विराट कोहली और रवींद्र जडेजा 36 साल के हो चुके हैं, जबकि रोहित शर्मा 37 साल के हैं. इनकी क्रिकेट यात्रा अब एक दशक से ज्यादा की हो चुकी है, और इन तीनों खिलाड़ियों ने भारत को ICC टूर्नामेंटों में कई यादगार जीत दिलाई हैं. हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में हालिया प्रदर्शन को लेकर कुछ चिंता जताई गई है, लेकिन वनडे क्रिकेट में इनकी शानदार पारी भारतीय टीम के लिए अहम साबित हो सकती है.