मुंबई: पंजाबी गाने के सुपरस्टार और बॉलीवुड एक्टर दिलजीत दोसांझ का 'Aura-2026' वर्ल्ड टूर इन दिनों जोरों पर है. लेकिन टूर के शुरुआती शो में ही एक अनचाही घटना ने सबको चौंका दिया. 23 अप्रैल 2026 को कनाडा के वैंकूवर स्थित BC Place स्टेडियम में दिलजीत का लाइव कॉन्सर्ट चल रहा था, तभी अचानक कुछ प्रदर्शनकारी हॉल में घुस आए. ये लोग खालिस्तान के झंडे लेकर आए थे और जोर-जोर से नारे लगाने लगे.
उन्होंने भारत विरोधी स्लोगन भी दिए और दिलजीत पर बीजेपी तथा आरएसएस से जुड़े होने का आरोप लगाया. सुरक्षा कर्मचारियों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो हल्की झड़प भी हो गई. कुछ पलों के लिए पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया. हालांकि सुरक्षा टीम ने जल्दी ही स्थिति को काबू में कर लिया और शो दोबारा शुरू हो सका.
सूत्रों के मुताबिक इस घटना में पवनदीप सिंह बासी और मंदीप सिंह रवि समेत कुछ लोग शामिल थे. इन्हें सिख फॉर जस्टिस (SFJ) संगठन से जुड़ा बताया जा रहा है, जो भारत में प्रतिबंधित है और जिसके प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू हैं. प्रदर्शनकारियों ने बाद में वीडियो जारी कर दिलजीत को 'बीजेपी और आरएसएस का एजेंट' बताते हुए आगे के शो में भी विरोध की चेतावनी दी है.
दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपनी नॉर्थ अमेरिका टूर पर हैं. 'Aura World Tour 2026' नाम से चल रहे इस टूर की शुरुआत वैंकूवर से हुई थी. टूर 20 जून 2026 तक चलेगा और इसमें सैन फ्रांसिस्को का शो भी शामिल है. दिलजीत के फैंस इस टूर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे क्योंकि उनका स्टेज परफॉर्मेंस हमेशा एनर्जी से भरपूर होता है.
इस घटना से पहले दिलजीत अमेरिका के चर्चित शो 'The Tonight Show Starring Jimmy Fallon' पर भी नजर आए थे. वहां उन्होंने अपनी फिल्मी और म्यूजिक जर्नी के बारे में बात की और जिमी फॉलन को भांगड़ा डांस भी सिखाया. उस वीडियो ने सोशल मीडिया पर खूब वायरल होकर फैंस को खुश कर दिया था. दिलजीत दोसांझ पंजाबी संगीत और सिनेमा के सबसे पॉपुलर चेहरे हैं. उनकी फिल्में जैसे 'पंजाब 1984', 'सूरमा' और हालिया रिलीज 'अमर सिंह चमकीला' को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है. गानों में उनकी यूनिक स्टाइल और जीवंत परफॉर्मेंस उन्हें युवाओं का फेवरेट बनाती है.