IPL 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरा खिताब मिल गया. इस फाइनल में विराट ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ फाइनल में 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए. साथ ही अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया. इसके बाद उनके एक बयान ने सबको चौंका कर रख दिया. मैच के बाद कोहली ने स्वीकार किया कि लीग में उभर रहे बेहद युवा खिलाड़ियों ने उन्हें अपने खेल में बदलाव करने के लिए प्रेरित किया.
फाइनल के बाद बातचीत के दौरान विराट कोहली ने कहा कि आधुनिक क्रिकेट की मांग अब पहले से अलग हो चुकी है. उन्होंने माना कि नई पीढ़ी के खिलाड़ी जिस निडर अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं. उससे अनुभवी खिलाड़ियों को भी अपने खेल पर दोबारा काम करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि क्रिकेट में लगातार आगे बने रहने के लिए खुद को बदलना जरूरी है. यही कारण है कि उन्होंने अपनी मानसिकता में बदलाव किया. इस बदलाव का असर पूरे सीजन में उनके प्रदर्शन में साफ दिखाई दिया.
कोहली ने किसी खिलाड़ी का नाम नहीं लिया लेकिन उनके बयान के बाद चर्चाएं तेज हो गई. आईपीएल 2026 में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी और 18 वर्षीय आयुष म्हात्रे जैसे युवा खिलाड़ियों ने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा. खासकर वैभव ने जिस तरह बड़े गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की, उसने सबको उनका कायल बना दिया. फाइनल के दौरान वैभव और कोहली के बीच हुई बातचीत ने भी इस चर्चा को और हवा दी.
आंकड़ों पर नजर डालें तो आईपीएल 2026 विराट कोहली के करियर के सबसे प्रभावशाली सीजन में से एक माना जा रहा है. उन्होंने 165.84 के स्ट्राइक रेट से 675 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल रहे. यह प्रदर्शन कई विशेषज्ञों को उनके 2016 के ऐतिहासिक सीजन की याद दिलाता है.