menu-icon
India Daily

LIVE Delhi Building Collapse LIVE: सत्य निकेतन में अचानक भरभराकर गिरी हॉस्टल की बिल्डिंग, 5 से 6 छात्रों का रेस्क्यू; कई अब भी दबे

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में दोपहर करीब 1:30 बजे एक हॉस्टल की बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Delhi Building Collapse LIVE: सत्य निकेतन में अचानक भरभराकर गिरी हॉस्टल की बिल्डिंग, 5 से 6 छात्रों का रेस्क्यू; कई अब भी दबे
Courtesy: ANI

Delhi Building Collapse LIVE: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक हॉस्टल की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया. मलबे के आसपास लोगों की भीड़ जुटी हुई है, जबकि रेस्क्यू टीमें फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं. हादसे से जुड़ी हर पल की अपडेट के लिए इंडिया डेली के लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें. पल-पल की अपडेट के लिए जुड़े रहें इंडिया डेली के लाइव ब्लॉग से.

03:48:35 PM

इमरजेंसी वाहनों के लिए बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर

सत्य निकेतन में गिरी 4-5 मंजिला इमारत हॉस्टल और पीजी के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यहां करीब 75 बेड की व्यवस्था थी. हादसे के बाद राहत-बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए इमरजेंसी वाहनों की आवाजाही हेतु ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है. वहीं, मौके पर जुटी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरएएफ को भी बुलाया गया है.

03:46:02 PM

मलबे में रेड़ी वाले भी दबे होने की आशंका

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत के मलबे में कुछ रेड़ी वाले भी दबे हो सकते हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोग भी राहत-बचाव में मदद कर रहे हैं और बिल्डिंग की हालत को लेकर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं. 

03:44:05 PM

मलबा हटाने का काम तेज, मौके पर दमकल की 12 गाड़ियां

सत्य निकेतन में हॉस्टल की इमारत गिरने के बाद राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है. मौके पर जेसीबी की मदद से मलबा हटाया जा रहा है. दमकल विभाग की 12 गाड़ियां भी घटनास्थल पर मौजूद हैं. रेस्क्यू टीमें मलबे में फंसे लोगों तक जल्द पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पूरी कोशिश कर रही हैं.

03:43:12 PM

सत्य निकेतन इलाका के बारे में

सत्य निकेतन दिल्ली का ऐसा इलाका है, जिसे बड़ी संख्या में छात्र अपने रहने और पढ़ाई के लिए चुनते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह आसपास मौजूद कई प्रमुख शिक्षण संस्थान हैं. इलाका दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के काफी करीब बताया जाता है. सत्य निकेतन के आसपास आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज, मोतीलाल नेहरू कॉलेज, श्री वेंकटेश्वर कॉलेज, जीसस एंड मैरी कॉलेज और मैत्रेयी कॉलेज जैसे संस्थान मौजूद हैं. यही कारण है कि यहां सालभर छात्रों की आवाजाही बनी रहती है.

03:41:52 PM

हॉस्टल का मैनेजर हादसे के बाद फरार

खबरों की मानें तो हॉस्टल का मैनेजर हादसे के बाद फरार है. तलाश जारी है. 

03:29:29 PM

अब तक 5-6 छात्रों का रेस्क्यू

खबरों की मानें तो अबतक मलबे के अंदर से 5 से 6 छात्रों का बचा लिया गया है. 

03:21:30 PM

BJP विधायक मौके पर पहुंचे

बीजेपी विधायक अनिल शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि फिलहाल यह बताना मुश्किल है कि कितने छात्र अंदर फंसे हैं, लेकिन यह स्पष्ट है कि कई छात्र मलबे में मौजूद हैं. शर्मा के मुताबिक, NDRF और MCD की टीमों ने अब तक दो छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि कुछ छात्र अंदर से फोन भी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है, इसलिए बचाव अभियान लगातार जारी है. विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को मौके पर भेजा है और सरकार की प्राथमिकता छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना है.

03:14:48 PM

दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने जताई चिंता

दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने आरके पुरम स्थित सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर जताई चिंता. उन्होनें लिखा  'हम बेहद चिंतित हैं. डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, एमसीडी, सीएटीएस और नागरिक सुरक्षा की टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं. एहतियात के तौर पर पास की इमारत को खाली करा लिया गया है.'

03:09:29 PM

मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियां

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग सक्रिय हुआ और कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं. बचाव दल मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है. घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भीड़ के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है. राहत कार्य में जुटी टीमें लगातार मलबे की जांच कर रही हैं. फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि बचाव अभियान के दौरान कितने लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सकता है.

03:04:29 PM

अचानक भरभराकर गिरी इमारत

प्रत्यक्ष तौर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ. इसी दौरान इमारत अचानक गिर गई और देखते ही देखते पूरा मलबा जमा हो गया. घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा रहा है कि इसमें बड़ी संख्या में लोगों के फंसे होने की आशंका बताई जा रही है. हालांकि, अभी तक मलबे में दबे लोगों की सही संख्या सामने नहीं आई है. रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है.