menu-icon
India Daily

LIVE Parliament Budget Session 2024 Live: मोदी सरकार के 10 सालों का रिपोर्ट कार्ड आया सामने, जानें राष्ट्रपति ने अभिभाषण की बड़ी बातें

संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है. बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से दोनों सदनों के संयुक्त सत्र के संबोधन के साथ शुरू होगा.

Avinash Kumar Singh
Parliament Budget Session 2024 Live: मोदी सरकार के 10 सालों का रिपोर्ट कार्ड आया सामने, जानें राष्ट्रपति ने अभिभाषण की बड़ी बातें

Parliament Budget Session 2024 Live Updates: संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है.राष्ट्रपति मुर्मू नई संसद में पहली बार दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) के संसद सदस्यों को संबोधित कर रही है. इस दौरान वो केंद्र सरकार की उपलब्धियां को बता रही है. राष्ट्रपति मुर्मू के संबोधन के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को लोकसभा के पटल पर अंतरिम बजट पेश करेंगी. 

12:43:35 PM

राष्ट्रपति का अभिभाषण खत्म

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के बाद राष्ट्रपति भवन के लिए निकल गई. 

12:20:44 PM

रामलला के 13 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन

पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र है जो युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करता है. पूर्वोत्तर क्षेत्र में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं. अंडमान द्वीप और लक्षद्वीप को लेकर लोगों में उत्साह है. अयोध्या धाम में प्राण प्रतिष्ठा के बाद करीब 13 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. 

12:15:41 PM

सीमाओं से सटे गांव को माना पहला गांव

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मेरी सरकार ने ऐसे क्षेत्र की भी पहली बार विकास से जोड़ा है जो दशकों तक दशकों तक उपेक्षित रहे हैं. हमारी सीमाओं से सटे गांव को अंतिम गांव कहा जाता था. मेरी सरकार ने उन्हें देश का पहला गांव बनाया है. इन गांव के विकास के लिए काफी काम किया है.

12:11:46 PM

पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मेरी सरकार ने बीते 10 सालों में पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किया है.

12:07:04 PM

आतंकवाद और विस्तारवाद को मुंहतोड़ जवाब

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सरकार हमारी सीमाओं पर आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रही है. हमारी सेनाएं आतंकवाद और विस्तारवाद को मुंहतोड़ जवाब दे रही हैं. आंतरिक शांति के लिए मेरी सरकार के प्रयासों के सार्थक परिणाम हमारे सामने हैं. जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा और सुरक्षा का माहौल है। नक्सली हिंसा की घटनाओं में भारी गिरावट आई है. 

12:05:08 PM

लाखों आदिवासी परिवारों को पाइपलाइन से साफ पानी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मेरी सरकार ने उन लोगों का भी ध्यान रखा है जो अब तक विकास से कोसों दूर थे. पिछले 10 वर्षों में हजारों आदिवासी गांवों में पहली बार बिजली और सड़क कनेक्टिविटी पहुंची. लाखों आदिवासी परिवारों को पाइपलाइन से साफ पानी अब मिलना शुरू हो गया है. एक विशेष अभियान के तहत मेरी सरकार हजारों आदिवासी बहुल गांवों में 4जी इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचा रही है. आदिवासी परिवारों में कई पीढ़ियां सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित हैं. इसके लिए पहली बार राष्ट्रीय मिशन शुरू किया गया है। इसके तहत अब तक लगभग 1.40 करोड़ लोगों का चेकअप हो चुका है. 

12:00:38 PM

UPI से रिकॉर्ड 1200 करोड़ ट्रांजेक्शन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा विकसित भारत की भव्य इमारत चार स्तंभ पर खड़ी हो सकती है. ये युवा शक्ति, नारी शक्ति, किसान शक्ति और गरीब वर्ग है. मेक इन इंडिया सबसे बड़ा अभियान बन गया है. रक्षा क्षेत्रों में निजी कंपनियों की भागीदारी बढ़ी है. आज हम खिलौने निर्यात करते हैं. ईज ऑफ डुइंग बिजनेस भी सुधार हुआ है. देश में बिजनेस को लेकर अच्छा माहौल बना है. डिजिटल इंडिया से बिजनेस करने में आसानी हुई है और यह देश की बड़ी उपलब्धि बन गई है. पिछले महीने UPI से रिकॉर्ड 1200 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए हैं. इसके तहत 18 लाख करोड़ रुपए का रिकॉर्ड लेनदेन हुआ है.

12:10:04 PM

उज्ज्वला योजना पर 2.5 लाख और राशन देने के लिए 20 लाख करोड़ खर्च

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भारत को अपना सबसे बड़ा समुद्री पुल अटल सेतु मिला. भारत को अपनी पहली नमो भारत ट्रेन और पहली अमृत भारत मिला. केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना पर 2.5 लाख करोड़ रुपए खर्च किए हैं. गरीबों को सस्ता राशन देने के लिए 20 लाख करोड़ रुपए खर्च किए हैं. आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज दिया जा रहा है. 11 करोड़ घरों को पहली बार नल से जल योजना से जोड़ा गया है. किडनी मरीजों के डायलिसिस की सुविधा दी है. एलईडी बल्ब से बिजली के बिल में बचत लाने की कोशिश की है. योजनाओं को तेजी से पूरा करने का लक्ष्य रखा है. आज देश में शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव हो रहे हैं और इस वजह से माता मृत्यु दर में भारी गिरावट आयी है, साथ ही उज्ज्वला योजना का लाभ लेने वाले गरीब परिवारों में बीमारी की घटनाओं में कमी आयी है.

12:00:58 PM

सरकार ने 34 लाख करोड़ सीधे लाभार्थियों के खाते में डाले

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा सरकार ने 34 लाख करोड़ सीधे लाभार्थियों के खाते में डाले हैं. भारत में दुनिया का 46% लेनदेन डिजिटल होने लगा है. वन विभाग से क्लीयरेंस मे अब 75 दिन लगते हैं. रेलवे के क्षेत्र में भी देश ने नए आयाम छूए हैं. इंफ्रास्क्ट्रचर में रिकॉर्ड निवेश किया गया है.

11:56:54 AM

वैश्विक संकटों के बावजूद महंगाई पर काबू

केंद्र सरकार ने महंगाई को काबू में रखा और लोगों पर इसका बोझ नहीं बढ़ने दिया.बीते सालों में विश्व ने दो बड़े युद्ध देखे और कोरोना जैसी वैश्विक महामारी का सामना किया. ऐसे वैश्विक संकटों के बावजूद मेरी सरकार ने देश में महंगाई को काबू में रखा, सामान्य भारतीय का बोझ नहीं बढ़ने दिया. 

11:40:05 AM

सदियों का इंतजार राम मंदिर निर्माण आज एक वास्तविकता

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा पिछले 10 वर्षों में भारत ने राष्ट्रीय हित की दिशा में कई कार्य पूरे होते देखे हैं जिनका देश के लोगों को दशकों से इंतजार था. राम मंदिर निर्माण का सदियों से इंतजार था. आज यह एक वास्तविकता बन गई है. जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना अब इतिहास है.

11:41:57 AM

एक लाख से ज्यादा स्टार्टअप

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आज एक लाख से ज्यादा स्टार्टअप हैं. एक करोड़ 40 लाख लोग जीएसटी दे रहे हैं. G20 की सफलता ने पूरी दुनिया में भारत की भूमिका को सशक्त किया. मेरी सरकार ने लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी दी हैं. नारी शक्ति अधिनियम से लोकसभा राज्यसभा में महिलाओं का पार्टिसिपेशन बढ़ेगा.

11:31:59 AM

गरीबी दूर होते हुए देख रहे हैं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत ने एशियाई खेलों में 100 से ज्यादा मेडल जीते. आरटीआई फाइल करने वालों की संख्या सवा तीन करोड़ से बढ़कर 8 करोड़ से ज्यादा हो गई है. ये उपलब्धियां 10 साल की साधना का परिणाम है. अनुच्छेद 370 पर आशंकाएं अब इतिहास बन गई हैं. आज एक लाख से ज्यादा स्टार्टअप हैं. एक करोड़ 40 लाख लोग जीएसटी दे रहे हैं. आज हम जो उपलब्धियां देख रहे हैं, वह पिछले 10 वर्षों की देन है. हमने बचपन से गरीबी हटाओ का नारा सुना है. आज हम अपने जीवन में पहली बार बड़े पैमाने पर गरीबी दूर होते हुए देख रहे हैं. मेरी सरकार के कार्यकाल में करीब 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं. बीते दशक में सरकार ने सुशासन और पारदर्शिता को हर व्यवस्था का आधार बनाया है. तीन तलाक की कुप्रथा को खत्म करने के लिए सरकार ने कड़े कानूनी कदम उठाये. 

11:20:20 AM

लोकतांत्रिक और संसदीय परंपराओं का सम्मान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि नये संसद भवन में यह मेरा पहला संबोधन है. इस भव्य भवन का निर्माण अमृत काल के आरंभ में हुआ है. इसमें 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की खुशबू भी है. इसमें लोकतांत्रिक और संसदीय परंपराओं के सम्मान का संकल्प भी है. इसके अलावा इसमें 21वीं सदी के नए भारत की नई परंपराओं के निर्माण का भी संकल्प है. मुझे विश्वास है कि इस नए भवन में नीतियों पर सार्थक बातचीत होगी.

11:21:28 AM

कुछ वर्ष देश के लिए इतिहास बनाने वाला रहा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने अभिभाषण में कहा कि बीते कुछ वर्ष देश के लिए इतिहास बनाने वाला रहा है. भारत की विकसित होती व्यवस्था का लोहा आज पूरा विश्व मान रहा है. भारत का विकास दर लगातार दो तिमाही से सात फीसदी से ज्यादा है. भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश बना है. भारत ने अपने आदित्य मिशन को भी लॉन्च किया है. 

11:08:22 AM

पीएम मोदी मौजूद

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित कर रही हैं. इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पीएम मोदी समेत सभी दलों के सांसद मौजूद हैं. 

11:08:08 AM

सेन्गोल को किया गया स्थापित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के लिए संसद पहुंची. सेन्गोल ले जाकर उनकी उपस्थिति में स्थापित किया गया.

11:04:45 AM

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद भवन पहुंची

बजट सत्र से पहले संयुक्त सत्र को संबोधित करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद भवन पहुंच गई है. पीएम मोदी ने उनका संसद भवन में पहुंचते ही स्वागत किया.

 

11:02:00 AM

सोनिया गांधी पहुंची संसद

बजट सत्र में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी संसद पहुंची.

10:56:00 AM

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद भवन के लिए रवाना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन से संसद भवन के लिए रवाना हुई. बजट सत्र दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में उनके संबोधन के साथ शुरू होगा. नए संसद भवन में यह उनका पहला संबोधन होगा.

10:54:09 AM

यह यात्रा जारी रहेगी

पीएम मोदी ने कहा कि इस बार देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण साथ बजट पेश करेंगी. मेरा दृढ़ विश्वास है कि देश हर दिन प्रगति की नई ऊंचाइयों को पार करते हुए आगे बढ़ रहा है. सर्वांगीण एवं समावेशी विकास हो रहा है. लोगों के आशीर्वाद से यह यात्रा जारी रहेगी.

10:50:40 AM

नारी शक्ति का उत्सव

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा इस नए संसद भवन में बुलाए गए पहले सत्र के संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तौर पर एक सुंदर निर्णय लिया. उसके बाद 26 जनवरी को हमने देखा कि देश ने कैसे अनुभव किया नारी शक्ति का सामर्थ्य, उसका शौर्य, उसके संकल्प की ताकत. आज जब बजट सत्र शुरू होगा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मार्गदर्शन होगा और कल जब निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी ये एक प्रकार से नारी शक्ति का उत्सव जैसा होगा. 

10:51:36 AM

लोकतंत्र का चीरहरण करने वाले सांसदों के लिए पश्चाताप करने का मौका

संसद के बजट सत्र से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर में अपने संबोधन के दौरान कहा कि ये सत्र संसद में लोकतंत्र का चीरहरण करने वाले सांसदों के लिए पश्चाताप करने का मौका है. विपक्ष आत्म चिंतन करें, जिन्होंने 10 साल के दौरान हंगामा और शोरगुल किया होगा, उनको कोई याद नहीं करेगा, लेकिन जिन्होंने अपने विचारों से सदन में सार्थक चर्चा में संवाद किया होगा, उनको हर कोई याद करेगा. यह सत्र चुनाव से पहले का अंतरिम बजट सत्र है, इसके बाद चुनाव होगा. हम परंपरा के मुताबिक- इस अंतरिम बजट को पेश कर रहे हैं. चुनाव के बाद हम पूर्ण बजट पेश करेंगे. सबको मेरा राम-राम.