menu-icon
India Daily

बाल, स्किन और सेहत सब हो जाएगा खराब... गर्मी में बाइक राइडर्स इन बातों का रखें खास ख्याल

गर्मी के मौसम में बाइक चलाना जोखिम भरा हो सकता है. सही सावधानियां अपनाकर आप अपनी सेहत, त्वचा और बालों को नुकसान से बचा सकते हैं और सुरक्षित सफर कर सकते हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
बाल, स्किन और सेहत सब हो जाएगा खराब... गर्मी में बाइक राइडर्स इन बातों का रखें खास ख्याल
Courtesy: Pinterest

उत्तर भारत में गर्मी अब अपने चरम पर पहुंचने लगी है. तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है. ऐसे में जो लोग रोजाना बाइक से सफर करते हैं या फील्ड वर्क के लिए घंटों बाइक चलाते हैं, उनके लिए यह मौसम और भी मुश्किल हो जाता है. गर्मी में बाइक चलाते समय न सिर्फ थकान बढ़ती है बल्कि डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है. हालांकि अगर कुछ आसान सावधानियां अपनाई जाएं तो इस मौसम में भी सुरक्षित और हेल्दी तरीके से सफर किया जा सकता है.

बाइक चलाते समय तेज हवा और धूल सीधे आंखों पर असर डालती है. गर्मियों में धूप और गर्म हवा आंखों को ड्राई बना देती है और जलन की समस्या भी हो सकती है. इससे बचने के लिए बाइक चलाते समय हमेशा अच्छी क्वालिटी के सनग्लास पहनना चाहिए. इससे आपकी आंखें धूप और धूल दोनों से सुरक्षित रहेंगी.

सही कपड़े पहनना है जरूरी

गर्मी में कपड़ों का चुनाव बहुत मायने रखता है. ऐसे कपड़े पहनें जो पसीने को सोख सकें और शरीर को ठंडा रखें. हल्के रंग के कपड़े पहनना बेहतर होता है क्योंकि ये गर्मी को कम सोखते हैं. कोशिश करें कि फुल स्लीव शर्ट या टीशर्ट पहनें ताकि त्वचा सीधे धूप के संपर्क में न आए. इसके साथ ही आरामदायक जूते पहनें. बहुत ज्यादा गर्म होने वाले या काले रंग के जूतों से बचना चाहिए.

त्वचा को धूप से बचाना जरूरी

गर्मी में लंबे समय तक बाइक चलाने से त्वचा पर टैनिंग और सनबर्न का खतरा बढ़ जाता है. खासकर हाथों और चेहरे पर इसका असर जल्दी दिखता है. इससे बचने के लिए बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन जरूर लगाएं. बेहतर होगा कि 50 प्लस सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें. इसके अलावा हल्के कपड़े के ग्लव्स पहनना भी फायदेमंद रहता है.

अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि हेलमेट पहनने से उनके बाल झड़ने लगते हैं. गर्मियों में यह समस्या और बढ़ जाती है क्योंकि पसीने की वजह से बाल चिपचिपे हो जाते हैं. इससे बचने के लिए हेलमेट पहनने से पहले स्कल कैप या कॉटन का कपड़ा सिर पर बांध सकते हैं. इससे पसीना सीधे बालों तक नहीं पहुंचेगा और बालों की सेहत बनी रहेगी.

बीच बीच में ब्रेक लेना जरूरी

अगर आपको लंबे समय तक बाइक चलानी पड़ती है तो लगातार सफर करने से बचें. बीच बीच में रुककर आराम करना जरूरी है. छायादार जगह पर कुछ मिनट रुकने से शरीर को राहत मिलती है और बाइक भी ठंडी हो जाती है. इस दौरान पानी या कोई हेल्दी ड्रिंक जरूर पिएं ताकि शरीर में पानी की कमी न हो. गर्मी में सबसे बड़ा खतरा डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का होता है. लंबे समय तक धूप में रहने से शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे चक्कर आना, कमजोरी और उल्टी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इससे बचने के लिए नियमित रूप से पानी पीते रहें. कोशिश करें कि घर से निकलते समय पानी की बोतल साथ रखें.