दिल्ली न्यूज: आगरा का नाम आते ही सफेद संगमरमर से बने ताजमहल की खूबसूरत तस्वीर सामने आ जाती है लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि आगरा में एक नहीं, दो ताज महल हैं। भगवान टाकीज के पास ईसाई कब्रिस्तान में बना ये लाल रंग का ताजमहल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी एएसआई की देखरेख में है।
इतिहासकार राज किशोर राजे बताते हैं, "ये इमारत आगरा में भगवान टाकीज के पीछे है और एएसआई के संरक्षण में है। ये ईसाइयों का बहुत पुराना कब्रिस्तान है, उसमें पहली कब्र 1640 में एक स्वर्णकार की बनी है।"
एक अंग्रेज की पत्नी ने बनवाया था यह ताजमहल
मुख्य ताज महल के मुकाबले लाल ताज महल काफी छोटा है लेकिन इसका भी अपना इतिहास है। सफेद ताज महल शाहजहां ने बेगम मुमताज महल की याद में बनवाया था, जबकि लाल रंग का ताज महल एक अंग्रेज ने बनवाया था।
इतिहासकार राज किशोर ने आगे कहा, "उसका अपनी पत्नी से वादा था कि जो पहले मरेगा दूसरा उसकी याद में ताज महल बनवाएगा। जब जॉन विलियम की मौत हो गई तो उसकी पत्नी ने बनवा दिया। ये लाल रंग के पत्थर से बना है। बहुत सुंदर है। ताज महल की छोटी अनुकृति है।" सफेद ताज महल की तरह भले ही ये लाल ताज महल मशहूर न हो, लेकिन इसके पीछे भी एक अनसुनी प्रेम कहानी ही है।