menu-icon
India Daily

Janmashtami Traffic Advisory: दिल्ली-नोएडा से मथुरा तक ट्रैफिक पर पाबंदी, घर से निकलने से पहले जानें रूट और पार्किंग

Janmashtami Traffic Advisory 2026: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर दिल्ली-NCR से लेकर मथुरा-वृंदावन तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है.

Shilpa Shrivastava
Janmashtami Traffic Advisory: दिल्ली-नोएडा से मथुरा तक ट्रैफिक पर पाबंदी, घर से निकलने से पहले जानें रूट और पार्किंग
Courtesy: AI Generated

मथुरा: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर दिल्ली-NCR से लेकर मथुरा-वृंदावन तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है. ऐसे में अगर आप दिल्ली, नोएडा या मथुरा जाने की योजना बना रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी जरूर ले लें.

दिल्ली में जन्माष्टमी यात्रा के कारण बदलाव:

दिल्ली में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष यात्रा निकाली जाएगी. इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास व्यवस्था की है. नए रूट की बात करें तो पीएस सब्जी मंडी से शुरू होकर मल्कागंज चौक, रोशनआरा रोड, स्पार्क्स मॉल, सत्यवती मार्ग, शक्तिनगर चौक, जीटी करनाल रोड और घंटाघर चौक से होते हुए वापस सब्जी मंडी पहुंचेगी.

पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि शाम 5:30 बजे के बाद इन रास्तों पर जाने से बचें. वाहन चालकों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की गई है.

सार्वजनिक परिवहन का करें इस्तेमाल:

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्राथमिकता दें. सड़क के किनारे वाहन खड़ा करने से बचें, क्योंकि इससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा इमरजेंसी वाहनों को रास्ता देने की अपील भी की गई है. पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और धैर्य बनाए रखने को कहा है.

नोएडा में इस्कॉन मंदिर के आसपास डायवर्जन:

नोएडा के सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे. इसे देखते हुए मंदिर के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. NTPC अंडरपास से गिझौड़ चौक और फिर NTPC की ओर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा. गिझौड़ से अट्टा अंडरपास की ओर जाने वाले वाहनों को होशियारपुर और समरविला तिराहे की तरफ से निकाला जाएगा. श्रद्धालुओं के लिए एडोबी बिल्डिंग के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि VVIP वाहनों के लिए शिल्प हाट की पार्किंग निर्धारित की गई है.

मथुरा-वृंदावन में भारी वाहनों की नो एंट्री:

भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन में जन्माष्टमी पर सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़ रहने की संभावना है. इसे देखते हुए भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है. यह प्रतिबंध 5 सितंबर की सुबह 9 बजे तक प्रमुख मार्गों पर लागू रहेगा. श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों को रोककर श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा.

इन रास्तों पर विशेष सावधानी:

भूतेश्वर तिराहा, मसानी चौराहा, डीग गेट, गोकरण तिराहा, चौक बाजार, भरतपुर गेट, कृष्णापुरी, स्टेट बैंक चौराहा और महाविद्या कॉलोनी सहित कई जगहों से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इसके अलावा गोवर्धन चौराहा और मंडी चौराहा से भूतेश्वर की ओर भारी वाहन, रोडवेज बस और ट्रैक्टर नहीं जा सकेंगे.

रोडवेज बसों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किया गया है. बसों को औद्योगिक क्षेत्र, जयगुरुदेव आश्रम और मालगोदाम मार्ग से संचालित किया जाएगा.