menu-icon
India Daily

श्रीनगर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान पोल से टकराई इंडिगो की फ्लाइट, सभी यात्री और क्रू सुरक्षित

श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह इंडिगो की एक फ्लाइट लैंडिंग के बाद पार्किंग बे में पहुंचते समय विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम के पोल से टकरा गई. विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
श्रीनगर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान पोल से टकराई इंडिगो की फ्लाइट, सभी यात्री और क्रू सुरक्षित
Courtesy: X (@Devesh81403955)

श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह इंडिगो की फ्लाइट के साथ एक घटना सामने आई. अधिकारियों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची थी. विमान को एयरपोर्ट के बे नंबर 06 में पार्क किया जा रहा था, तभी वह विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम के पोल से टकरा गया.

यह घटना सुबह करीब 9:02 बजे हुई. टक्कर के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं. फिलहाल घटना के पीछे की सही वजह सामने नहीं आई है.

सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं. हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों की मदद से विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया. अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़ी तय प्रक्रियाओं के तहत विस्तृत जांच की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विमान पार्किंग पोल से किस वजह से टकराया.

एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल घटना की वजह को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा रहा है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही हादसे के कारणों का पता चलेगा. अधिकारियों ने यह भी बताया कि घटना के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का सामान्य संचालन प्रभावित नहीं हुआ है. विमानों का आना-जाना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है. एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों और अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही है.

 24 घंटे में इंडिगो से जुड़ी दूसरी घटना

पिछले 24 घंटे के भीतर इंडिगो की फ्लाइट से जुड़ी यह दूसरी घटना है. इससे एक दिन पहले गुरुवार को दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 1302 को मस्कट की ओर मोड़ना पड़ा था. बताया गया कि विमान के एक क्रू सदस्य को अचानक चिकित्सकीय सहायता की जरूरत पड़ गई थी. इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को मस्कट डायवर्ट किया गया.

इंडिगो के मुताबिक, विमान के मस्कट में उतरने के बाद मेडिकल टीम ने संबंधित क्रू सदस्य का उपचार किया. एयरलाइन ने बताया कि अब उनकी हालत बेहतर है. यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान और नए क्रू की व्यवस्था की गई.