menu-icon
India Daily

UPSC NDA II, CDS II 2026: एनडीए-सीडीएस का फॉर्म भरना है? एक और मौका, यूपीएससी ने इस दिन तक का दिया समय

यूपीएससी एनडीए 2 और सीडीएस 2 2026 के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाई गई. यूपीएससी ने कुल 845 सरकारी पदों पर भर्ती के लिए 11 जून तक का अवसर दिया है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
UPSC NDA II, CDS II 2026: एनडीए-सीडीएस का फॉर्म भरना है? एक और मौका, यूपीएससी ने इस दिन तक का दिया समय
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: यूपीएससी एनडीए 2 और सीडीएस 2 2026 की परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए संघ लोक सेवा आयोग ने एक महत्वपूर्ण अवसर दिया है. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं को राहत देते हुए आयोग ने आवेदन की अंतिम तिथि 11 जून 2026 शाम छह बजे तक बढ़ा दी है.

आयोग ने इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 20 मई 2026 से की थी. जो उम्मीदवार किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर सके थे, उन्हें अब यह अतिरिक्त अवसर मिला है. यूपीएससी एनडीए 2 और यूपीएससी सीडीएस 2 दोनों परीक्षाएं एक ही दिन अर्थात 13 सितंबर 2026 को देशभर के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी.

एनडीए II 2026 में कुल 394 पद

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी परीक्षा II के माध्यम से सेना, नौसेना और वायु सेना में युवाओं को अधिकारी बनने का सुनहरा अवसर मिलेगा. इस बार कुल 394 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा. इनमें सेना के 208, नौसेना के 42, वायु सेना के 120 और नौसेना अकादमी के 24 पद शामिल हैं.

पदवार विवरण इस प्रकार है

  • सेना (आर्मी) -208 पद
  • नौसेना (नेवी) - 42 पद
  • वायु सेना (एयर फोर्स) - 120 पद
  • नौसेना अकादमी - 24 पद

एनडीए II के लिए शैक्षणिक योग्यता एवं आयु सीमा

इस परीक्षा में बैठने के लिए उम्मीदवार का 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. सेना विंग के लिए किसी भी विषय से बारहवीं पास होना पर्याप्त है. नौसेना और वायु सेना विंग में आवेदन के लिए 12वीं में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषय होना जरूरी है. उम्मीदवार का जन्म 1 जनवरी 2008 से 1 जनवरी 2011 के बीच होना चाहिए.

सीडीएस II 2026 में 451 पदों पर भर्ती

संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा II के अंतर्गत इस वर्ष कुल 451 पदों पर भर्ती की जाएगी. यह भर्ती चार प्रमुख रक्षा अकादमियों में होगी जो देश की सेनाओं में स्थायी आयोग अधिकारी तैयार करती हैं.

पदवार विवरण इस प्रकार है

  • इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए) - 100 पद
  • एयर फोर्स अकादमी (एएफए) - 32 पद
  • इंडियन नेवल अकादमी (आईएनए) - 26 पद
  • ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) - 293 पद

सीडीएस II 2026 के लिए शैक्षणिक योग्यता

इस परीक्षा में भाग लेने के लिए न्यूनतम स्नातक डिग्री अनिवार्य है. आईएमए और ओटीए के लिए किसी भी विषय में स्नातक पर्याप्त है. इंडियन नेवल अकादमी के लिए इंजीनियरिंग की डिग्री आवश्यक है. एयर फोर्स अकादमी के लिए स्नातक डिग्री के साथ साथ 10वीं और 12वीं स्तर पर गणित और भौतिकी विषय होना अनिवार्य है. आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार का जन्म 1 जुलाई 2003 से पहले और 1 जुलाई 2008 के बाद नहीं होना चाहिए.

आवेदन कैसे करें

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और अंतिम तिथि 11 जून 2026 शाम छह बजे निर्धारित है.