नई दिल्ली: जो लोग राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस विभाग में नौकरी का सपना देख रहे हैं उनके लिए अहम अपडेट है. दिल्ली पुलिस में ड्राइवर पद पर नौकरी के लिए जिन लोगों ने परीक्षा दिया है उनका इंतजार खत्म हो गया है. कर्मचारी चयन आयोग ने दिल्ली पुलिस कांस्टेबल (ड्राइवर) भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया. 16 और 17 दिसंबर 2025 को हुई कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल उम्मीदवार अब अगले चरण की तैयारी में जुट गए हैं. आयोग ने रिजल्ट पीडीएफ के साथ-साथ श्रेणीवार कटऑफ अंक भी जारी किए हैं. उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रोल नंबर चेक कर सकते हैं.
इस बार ओपन कैटेगरी में 8218 और एक्स-सर्विसमैन कैटेगरी में 950 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है. कुल मिलाकर 9168 अभ्यर्थी अगले दौर में पहुंच गए हैं. परीक्षा में कई शिफ्ट होने के कारण अंकों को नॉर्मलाइज किया गया था. साथ ही 157 उम्मीदवारों को अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने पर अयोग्य घोषित किया गया है. ऐसे अभ्यर्थी संबंधित क्षेत्रीय निदेशक के पास आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
ओपन कैटेगरी में यूआर और ईडब्ल्यूएस का कटऑफ 83.40374 अंक रहा, जबकि ओबीसी का 83.19193, एससी का 78.09459 और एसटी का 74.29263 रहा. एक्स-सर्विसमैन कैटेगरी में सभी वर्गों के लिए कटऑफ 30 अंक रखा गया है. न्यूनतम क्वालिफाइंग मार्क्स यूआर/ईडब्ल्यूएस के लिए 40, एससी/एसटी/ओबीसी के लिए 35 और एक्स-सर्विसमैन के लिए 30 अंक हैं.
शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को अब दिल्ली पुलिस द्वारा आयोजित फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और ट्रेड टेस्ट (ड्राइविंग स्किल टेस्ट) से गुजरना होगा. एनसीसी या आरआरयू प्रमाणपत्र रखने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम चयन में अतिरिक्त अंक मिलेंगे. पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी.
सबसे पहले ssc.gov.in वेबसाइट पर जाएं. होमपेज पर रिजल्ट सेक्शन में क्लिक करें. दिल्ली पुलिस ड्राइवर (ओपन या ईएसएम) का पीडीएफ लिंक खोलें. अपना रोल नंबर सर्च करें. अगर नाम या रोल नंबर लिस्ट में हो तो सफल माने जाएंगे. पीडीएफ डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें.
अब शॉर्टलिस्ट हुए अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा और ड्राइविंग टेस्ट की तैयारी तेज कर देनी चाहिए. फिटनेस बनाए रखें और ड्राइविंग स्किल्स पर खास ध्यान दें. सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें ताकि वेरिफिकेशन में कोई दिक्कत न आए. समय पर अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट नियमित चेक करते रहें.