मध्य-पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. इसी बीच संयुक्त अरब अमीरात के मोहम्मद बिन जायद अल नहयान ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि उसकी लड़ाई अपने पड़ोसी देशों से नहीं है और उसे समझदारी से काम लेना चाहिए. यह बयान उस समय आया जब ईरान ने जवाबी कार्रवाई में संयुक्त अरब अमीरात के कई हिस्सों पर मिसाइल हमले किए.
यूएई के राष्ट्रपति के कूटनीतिक सलाहकार अनवर गर्गाश ने कहा कि खाड़ी देशों पर ईरान का हमला बड़ी रणनीतिक गलती है. इससे ईरान इस क्षेत्र में अलग-थलग पड़ गया है. उन्होंने ईरान से अपील की कि वह अपने आसपास के देशों के साथ जिम्मेदारी और समझदारी से व्यवहार करे, वरना हालात और बिगड़ सकते हैं. यूएई का यह कड़ा रुख ईरान की उन मिसाइल कार्रवाइयों के बाद सामने आया है, जिन्हें अमेरिका-इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के जवाब के रूप में देखा जा रहा है.
रिपोर्टों के अनुसार शनिवार को ईरानी मिसाइलें अबू धाबी के दक्षिण में स्थित अल‑धफरा एयर बेस के पास गिरीं. इसके अलावा राजधानी के अन्य हिस्सों में भी धमाकों की आवाजें सुनी गईं.
इसके बाद वैश्विक व्यापार केंद्र माने जाने वाले दुबई को भी निशाना बनाया गया. शहर में कई बड़े धमाके हुए और दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को नुकसान पहुंचा, जिससे उड़ान सेवाएं प्रभावित हुईं. हमलों में कम से कम चार लोग घायल बताए गए हैं.
हमलों के दौरान दुबई की प्रसिद्ध इमारत बुर्ज अल अरब को भारी नुकसान पहुंचा. यह होटल शहर की पहचान माना जाता है. इसके अलावा कृत्रिम द्वीप पाम जुमेराह के एक होटल के पास आग लगने की भी खबर है.
केवल यूएई ही नहीं, बल्कि कतर की राजधानी दोहा और ओमान में भी विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं. इससे संकेत मिल रहे हैं कि ईरान की जवाबी कार्रवाई पूरे खाड़ी क्षेत्र तक फैल सकती है. क्षेत्र के कई देशों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.