menu-icon
India Daily

इजरायली साथी बाइडन का एलान, एयरड्रॉप के जरिए होगी गाजा के लोगों की मदद

Israel Hamas War: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने एलान किया है कि वॉशिंगटन अपने अन्य सहयोगियों के साथ गाजा के लोगों तक मदद सुनिश्चित करने के लिए हवाई मार्ग का भी उपयोग करेगा.

India Daily Live
इजरायली साथी बाइडन का एलान, एयरड्रॉप के जरिए होगी गाजा के लोगों की मदद
Courtesy: Reuters

Israel Hamas War: इजरायल और हमास के बीच महीनों से जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने बड़ा एलान किया है. बाइडन ने कहा कि वॉशिंगटन कुछ दिनों के भीतर ही गाजा के लोगों को हवाई मार्ग के जरिए सहायता और रेडी टू ईट पैकेट मुहैया कराएगा. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से शुक्रवार को वार्ता के दौरान उन्होंने यह बातें कही हैं. 

बाइडन ने गुरुवार को इजरायली फायरिंग में जान गंवाने वाले सैकड़ों लोगों की मौत पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि अपने परिवारों की सहायता के लिए मदद का इंतजार कर रहे लोगों का अपनी जान गंवाना अफसोसजनक है. बाइडन ने इस घटना को दुखद और चिंताजनक त्रासदी करार दिया. गाजा में जंग के दौरान अनगिनत परिवार अपनी बुनियादी आवश्यकताओं की भारी कमी से जूझ रहे हैं.  इसे देखते हुए अमेरिका ने अपने सहयोगियों के साथ गाजावासियों को मानवीय मदद के प्रयासों को और तेज करने का निर्णय लिया है. बाइडन ने  कहा कि जॉर्डन, अमेरिका और अन्य सहयोगी देशों के साथ गाजा के लोगों को एयरड्रॉप के जरिए मानवीय सहायता पहुंचाई जाएगी. 

रिपोर्ट के अनुसार,अमेरिका ने इजरायल पर भूमिमार्ग के जरिए ज्यादा से ज्यादा मानवीय  सहायता भेजने की अपील की है जिससे गाजा की निर्दोष जनता को अधिक से अधिक राहत मिल सके. बाइडन ने गाजा को मिलने वाली सहायता को भी अपर्याप्त बताया है.उन्होंने गाजा में बच्चों और निर्दोषों की लगातार हो रही मौतौं पर भी चिंता जाहिर की. बाइडन ने कहा कि हमें मदद का दायरा बढ़ाना होगा और जल्द से जल्द उन तक सहायता पहुंचानी होगी. गाजा की निर्दोष जनता को इस तरह नहीं छोड़ा जा सकता. 

अमेरिकी नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर जॉन किर्बी ने कहा कि गाजा के लोगों तक हवाई मार्ग के जरिए रेडी टू ईट पैकेटों को गिराया जाएगा. गाजा के लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए इस रास्ते को चुना गया है जिसका आगे भी इस्तेमाल होता रहेगा. गाजा के भीड़भाड़ वाले इलाकों में सहायता पैकेटों को गिराना एक बड़ी चुनौती है लेकिन हम इससे पार पा लेंगे. गुरुवार को नॉर्थ गाजा में सहायता ट्रकों का इंतजार कर रही भीड़ पर इजरायली बलों ने अंधाधुंध गोलियां बरसी दी थीं. इस गोलीबारी में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी. वहीं, 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे.