menu-icon
India Daily

अभेद्य घेरे के भीतर रहते हैं ट्रंप, 300 सुरक्षाकर्मियों पर है अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा की जिम्मेदारी; जानें क्या है मल्टी-लेयर सिक्योरिटी?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में एक बार फिर से चूक का बड़ा मामला सामने आया है. हालांकि इससे पहले भी राष्ट्रपति ट्रंप पर कई हमले हो चुके हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
अभेद्य घेरे के भीतर रहते हैं ट्रंप, 300 सुरक्षाकर्मियों पर है अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा की जिम्मेदारी; जानें क्या है मल्टी-लेयर सिक्योरिटी?
Courtesy: X (@Serafim_zx), ANI

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में एक बार फिर से बड़ी चूक हुई है. राजधानी वॉशिंगटन डीसी के फेमस हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना ने ना केवल बल्कि पूरी दुनिया में हलचल मचा दिया.

इस डिनर के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप के साथ-साथ फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कैबिनेट के कई सदस्य मौजूद थे. ट्रंप के सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई बड़े सवाल उठ रहे हैं. 

सुरक्षा चेकपॉइंट पर बोला धावा

जानकारी के मुताबिक शाम करीब 8:35 बजे जब डिनर कार्यक्रम शुरू ही हुआ था, तभी होटल के मुख्य सुरक्षा चेकपॉइंट के पास गोलियों की आवाजें गूंजीं. रिपोर्ट्स के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति ने शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू जैसे हथियारों से लैस होकर सुरक्षा चेकपॉइंट पर धावा बोल दिया. फायरिंग मुख्य बॉलरूम से थोड़ी दूरी पर लॉबी एरिया या सुरक्षा स्क्रीनिंग जोन में हुई, जहां मेहमानों को टेबल के नीचे छिपने के लिए कहा गया. माहौल को संभालते हुए यूएस सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने तुरंत कार्रवाई की. इस दौरान एक सीक्रेट सर्विस अधिकारी को गोली लगी, लेकिन उनकी बुलेटप्रूफ वेस्ट ने जान बचा ली.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दी जानकारी

ट्रंप ने घटना के तुरंत बाद ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने प्रोटोकॉल के अनुसार हमें परिसर छोड़ने का अनुरोध किया, जिसका हमने तुरंत पालन किया. फर्स्ट लेडी, उपराष्ट्रपति और कैबिनेट के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं. बाद में ट्रंप ने व्हाइट हाउस से संबोधन भी दिया और कहा कि हमलावर एक लोन वुल्फ लगता है. उन्होंने होटल की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए व्हाइट हाउस में एक सुरक्षित बॉलरूम बनाने की जरूरत पर जोर दिया.

अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश के राष्ट्रपति की सुरक्षा यूएस सीक्रेट सर्विस द्वारा की जाती है. इसमें 7000 से अधिक एजेंट शामिल हैं, जिनमें प्रेसिडेंशियल प्रोटेक्टिव डिवीजन प्रमुख है. ट्रंप को मल्टी-लेयर सुरक्षा मिलती है, जिसमें 300 से ज्यादा प्रशिक्षित कमांडो, काउंटर-स्नाइपर टीम और उन्नत तकनीकी सिस्टम शामिल हैं. फिर भी, यह तीसरी प्रमुख सुरक्षा चूक मानी जा रही है. ट्रंप की सुरक्षा में पहले भी दो बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं. पहली पेंसिल्वेनिया की चुनावी रैली में और दूसरी फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच स्थित ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ क्लब में हुई थी.