menu-icon
India Daily

ट्रंप का ईरान पर बड़ा आरोप, डेमोक्रेट्स की जीत के बाद बढ़े मिसाइल हमले; नए साल में युद्ध का खतरा?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा दावा किया है. ट्रंप का आरोप है कि अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं.

Shilpa Shrivastava
ट्रंप का ईरान पर बड़ा आरोप, डेमोक्रेट्स की जीत के बाद बढ़े मिसाइल हमले; नए साल में युद्ध का खतरा?
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा दावा किया है. ट्रंप का आरोप है कि अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं. उन्होंने इसके लिए अमेरिकी डेमोक्रेट्स को भी निशाने पर लिया और कहा कि ईरान के नेता डेमोक्रेटिक पार्टी को कमजोर मानते हैं.

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले दो बातें कही थीं. पहली, अगर डेमोक्रेट्स चुनाव जीतते हैं तो शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आएगी. दूसरी, ईरान अपने हमले बढ़ा सकता है. ट्रंप का दावा है कि दोनों घटनाएं अब देखने को मिल रही हैं.

ईरान ने बढ़ाए ड्रोन और मिसाइल हमले?

ट्रंप के मुताबिक, ईरान ने पिछले एक सप्ताह में एक साल से ज्यादा समय की तुलना में सबसे अधिक ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं. हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि इन हमलों से अमेरिका को कोई नुकसान नहीं हुआ और सभी हमलों को नाकाम कर दिया गया. ट्रंप ने ईरान पर आरोप लगाया कि वहां की सरकार अमेरिकी डेमोक्रेट्स को कमजोर और देश के लिए नुकसानदायक मानती है. उन्होंने कहा कि अमेरिका को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा.

तेल की कीमतों को लेकर भी डेमोक्रेट्स पर निशाना:

ट्रंप ने डेमोक्रेट्स और ईरान पर तेल की कीमतें ऊंची बनाए रखने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उनके अनुसार, चुनाव के बाद तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. ट्रंप ने चुनाव परिणामों को भी अजीब बताया और कहा कि मतदाताओं ने मतदान से पहले परिस्थितियों को ठीक से नहीं समझा.

नए साल के बाद ईरान पर सैन्य कार्रवाई की चेतावनी:

इससे पहले ट्रंप ने संकेत दिया था कि अगर ईरान के साथ समझौता नहीं होता है, तो वह नए साल के बाद सैन्य हमले करने पर विचार कर सकते हैं. उन्होंने ईरान के बातचीत करने के तरीके की आलोचना करते हुए कहा कि वहां की सरकार केवल बातचीत कर रही है, लेकिन ठोस परिणाम सामने नहीं आ रहे हैं. ट्रंप ने ईरान को समुद्री नाकेबंदी को चुनौती देने पर भी कड़ी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अगर ईरानी तेल टैंकर ऐसा करने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं.