Pakistan News: पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में रविवार को मुल्क का नया प्रधानमंत्री चुन लिया गया. पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज ( PML-N) के नेता शहबाज शरीफ दूसरी बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बन गए. शरीफ का यह दूसरा प्रधानमंत्री कार्यकाल होगा. नेशनल असेंबली के स्पीकर अयाज सादिक ने बताया कि सदन का नेता चुनने के लिए हुई वोटिंग में शहबाज शरीफ को 201 वोट मिले जबकि पीटीआई से उनके प्रतिद्वंदी उमर अयूब को मात्र 92 वोट ही हासिल हुए. पाकिस्तान में सरकार बनाने के लिए नेशनल असेंबली में 169 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता होती है.
पाकिस्तान में पिछले महीने हुए आम चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था. इसके बाद पीपीपी , पीएमएल-एन और अन्य राजनीतिक दलों एमक्यूएम, पीएमएल-क्यू और बीएपी के सहयोग से गठबंधन सरकार चलाने का आह्नान किया गया था. शहबाज शरीफ ने पीटीआई द्वारा समर्थित पीएम उम्मीदवार उमर अयूब खान को हरा दिया. उमर अयूब पाकिस्तानी सेना के पूर्व जनरल और तानाशाह अयूब खान के बेटे हैं.
आठ फरवरी को हुए आम चुनाव में पीटीआई ने धांधलेबाजी और हेराफेरी का आरोप लगाया. चुनाव में हेरफेर को लेकर पीटीआई समर्थकों ने देशभर में प्रदर्शन किए. नेशनल असेंबली में पीएम पद का चुनाव के बीच पीटीआई सांसदों ने हंगामा किया और सरकार पर जनादेश चुराने का आरोप लगाया. पीटीआई सांसदों ने कहा कि सेना की मिलीभगत से उनके नेता इमरान खान को सत्ता में आने से रोका गया.
पाकिस्तान में आम चुनाव शुरू होने से पहले ही इमरान खान की पार्टी के चुनाव चिन्ह बैट को छीन लिया गया था. इसके बाद उनकी पार्टी के उम्मीदवार बैगर किसी निशान के चुनाव में हिस्सा लेने के लिए उतरे और प्रत्यक्ष तौर पर 264 सीटों पर हुए चुनाव में 93 सीटें हासिल की थीं.