नई दिल्ली: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक वैन ने व्हाइट हाउस के पास लगे सुरक्षा बैरिकेड को तोड़ दिया.
यह इलाका अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास के आसपास का हाई सिक्योरिटी जोन माना जाता है. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गई और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना तड़के लाफायेट स्क्वायर इलाके में हुई, जो व्हाइट हाउस के उत्तरी हिस्से के पास स्थित है. बैरिकेड टूटने के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वाहन चालक को पकड़ लिया. फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली एजेंसी यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. एजेंसी के अनुसार, यह संदिग्ध वाहन से जुड़ी घटना है और इसके पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. सीक्रेट सर्विस ने बयान जारी कर कहा कि चालक को हिरासत में लेकर उससे विस्तार से पूछताछ की जा रही है.
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कारणों से व्हाइट हाउस के आसपास की कई प्रमुख सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया. इससे सुबह के समय यातायात प्रभावित हुआ. कई सरकारी कर्मचारी और दफ्तर जाने वाले लोग कुछ समय तक अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाए. बाद में हालात सामान्य होने पर धीरे-धीरे यातायात बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई.
यह घटना ऐसे समय हुई है जब वॉशिंगटन डीसी में पहले से ही सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े हालात को देखते हुए राजधानी में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. घटना के बाद मौके पर कई आपातकालीन वाहन तैनात किए गए और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया.
हाल ही में अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर ईरान पर हमला किया था. इस हमले के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी देशों में स्थित अमेरिका के सैन्य अड्डों को निशाना बनाया था. इसके बाद से हालात तनावपूर्ण बने हुए है.