menu-icon
India Daily

'पुतिन यूक्रेन पर परमाणु हमला करने वाले थे, PM मोदी ने उन्हें रोका', पोलिश मंत्री का दावा

पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव टियोफिल बार्टोस्जेव्स्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीति की तारीफ की है. उन्होंने दावा किया है कि 2022 के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन में टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियार इस्तेमाल करने से रोका था.

Shilpa Shrivastava
'पुतिन यूक्रेन पर परमाणु हमला करने वाले थे, PM मोदी ने उन्हें रोका', पोलिश मंत्री का दावा
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव टियोफिल बार्टोस्जेव्स्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीति की तारीफ की है. उन्होंने दावा किया है कि 2022 के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन में टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियार इस्तेमाल करने से रोका था. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बार्टोस्जेव्स्की ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन प्रधानमंत्री मोदी की बात बहुत ध्यान से सुनते हैं और उनके विचारों का सम्मान करते हैं. 

भारत का रूस के साथ पुराना और मजबूत रिश्ता है. इसी रिश्ते के कारण भारत के पास रूस पर कूटनीतिक प्रभाव है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उन कुछ विश्व नेताओं में शामिल हैं, जो पुतिन को प्रभावित कर सकते हैं. अगर भारत इस प्रभाव का इस्तेमाल करे तो रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने में बड़ी भूमिका निभा सकता है.

भारत की पश्चिम एशिया नीति की तारीफ:

पोलैंड मंत्री ने पश्चिम एशिया (मध्य पूर्व) में बढ़ते तनाव पर भारत की स्थिति की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि भारत एक बड़ी अर्थव्यवस्था है और तेल-गैस की आपूर्ति पर निर्भर है. इसलिए क्षेत्रीय स्थिरता भारत के लिए बहुत जरूरी है. पोलैंड भी ईरान से बातचीत बनाए हुए है और संकट का कूटनीतिक हल चाहता है.

पुतिन ने भारत को बताया 'महान देश': 

रूस-यूक्रेन युद्ध फरवरी 2022 से चल रहा है. पिछले महीने सेंट पीटर्सबर्ग इकोनॉमिक फोरम में राष्ट्रपति पुतिन ने भारत को 'महान देश' बताया. उन्होंने भारत की स्वतंत्र विदेश नीति की प्रशंसा की. पुतिन ने कहा कि कुछ देश भारत पर रूस के साथ सहयोग करने के लिए दबाव डाल रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी पर दबाव डालना गलत होगा.

भारत की आर्थिक प्रगति की तारीफ:

पुतिन ने भारत की तेज आर्थिक विकास की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की प्रमुख और सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है. यह सफलता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और सरकार की लगातार नीतियों का नतीजा है. पुतिन ने भारत और रूस के बीच 'विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त सामरिक साझेदारी' को दोहराया और भरोसा जताया कि दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे.