ओमान से लौट रहे एक भारतीय जहाज को जब बीच समंदर में मदद की जरूरत पड़ी तो पाकिस्तानी नौसेना से आगे बढ़कर मदद की. क्रू मेंबर्स को खाना और अन्य इमरजेंसी सेवाएं भी उपलब्ध कराईं. इस जहाज पर एक इंडोनेशियाई नागरिक समेत छह भारतीय मौजूद थे. हालांकि समुद्र में इस तरह की मदद आम बात है. तमाम देश समुद्री यात्रा के दौरान दूसरे देशों के जहाजों की मदद करते हैं. भारत भी कई बार पाकिस्तानी जहाजों को इस तरह की मदद उपलब्ध कराता रहा है.
दरअसल भारतीय जहाज “एमवी गौतम” जब पाकिस्तानी निगरानी क्षेत्र से गुजर रहा था, उसी समय उसमें कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी. जहाज ने इसकी सूचना मुंबई बचाव केंद्र को दी और बचाव केंद्र के अधिकारियों ने पाकिस्तान में अपने समकक्षों को सूचना दी. पाकिस्तानी नौसेना ने तत्काल कॉल पर रेस्पांस देते हुए मदद के लिए एक जहाज भेजा. इमरजेंसी सेवाएं देने के साथ ही पाकिस्तानी नौसेना ने भारतीय जहाज के क्रू मेंबर्स को खाना भी उपलब्ध कराया.
पाकिस्तानी सेना ने बताया कि भारतीय जहाज “MV Gautam” ओमान से लौटते समय तकनीकी खराबी के चलते बीच समुद्र में फंस गया था. पाकिस्तानी नौसेना का जहाज “PMSS Kashmir” मदद के लिए मौके पर भेजा गया. मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय जहाज के जनरेटर खराब होने से इस तरह की परेशानी आई है.
भारतीय तटरक्षक बलों के मुख्यालय में मुताबिक पाकिस्तानी निगरानी क्षेत्र में “एमवी गौतम” के जेनरेटर चलने बंद हो गए थे. पाकिस्तानी मदद पहुंची जरूर, लेकिन तकनीकी खराबी दूर नहीं हो सकी। जहाज 4 मई को भारतीय निगरानी क्षेत्र के करीब पहुंच गया था लेकिन अभी भी समुद्र में ही फंसा है और जहाज को “टग बोट” की मदद लेने की सलाह दी गई है।