menu-icon
India Daily

खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में गृहयुद्ध जैसे हालात! आर्मी चीफ मुनीर अमेरिका के साथ तो जनता ईरान का खुलकर कर रही सपार्ट

ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में उग्र प्रदर्शन भड़क उठे हैं. इस्लामाबाद और लाहौर समेत कई शहरों में हिंसा, फायरिंग और तोड़फोड़ की खबरें सामने आई हैं. अमेरिकी दूतावास ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर सेवाएं रद्द कर दी हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में गृहयुद्ध जैसे हालात! आर्मी चीफ मुनीर अमेरिका के साथ तो जनता ईरान का खुलकर कर रही सपार्ट
Courtesy: X

ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद पाकिस्तान में हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं. इजरायल और अमेरिका की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है. इसी बीच पाकिस्तान के कई शहरों में उग्र प्रदर्शन शुरू हो गए हैं. राजधानी इस्लामाबाद, लाहौर और उत्तरी क्षेत्र स्कार्दु तक सड़कों पर भारी भीड़ देखी जा रही है. शिया समुदाय के लोग ईरान के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं. कई जगह प्रदर्शन हिंसक रूप लेता नजर आया.

रिपोर्ट्स के अनुसार उग्र भीड़ ने अमेरिकी दूतावास से जुड़े कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं. स्थिति को काबू में करने के लिए सुरक्षाकर्मियों को सख्ती बरतनी पड़ी. फायरिंग की घटनाओं में कई लोगों की जान जाने की खबर है. आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन स्थानीय सूत्रों के मुताबिक दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं.

सड़कों पर उतरी पाकिस्तान की अवाम

जहां एक ओर आम लोग ईरान के समर्थन में खुलकर प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं पाकिस्तान की सरकार और सेना का रुख अलग नजर आ रहा है. पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के अमेरिका के साथ करीबी रिश्तों की चर्चा हो रही है. दूसरी ओर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बयान जारी कर अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान भी किसी देश के प्रमुख को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए. हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर किसी देश की निंदा नहीं की.

सेलेब्स ने भी जताया दुख

खामेनेई की मौत पर पाकिस्तान के कुछ सेलेब्रिटी भी भावुक नजर आए. मशहूर टीवी होस्ट राबिया अनम एक लाइव शो के दौरान रो पड़ीं. अभिनेत्री युमना जैदी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गहरा सदमा व्यक्त किया.

लगातार हो रहे प्रदर्शनों और फायरिंग की घटनाओं से पाकिस्तान में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. कई इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. विश्लेषकों का मानना है कि क्षेत्रीय तनाव का असर पाकिस्तान की आंतरिक स्थिति पर भी पड़ रहा है. अगर हालात जल्द नहीं संभले तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.