पाकिस्तान के उत्तर- पश्चिम इलाके में मंगलवार को एक बड़ा फिदायीन हमला हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया. खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में हुए इस विस्फोट में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल बताए जा रहे हैं. मृतकों में दो सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हमला उस समय हुआ जब विस्फोटकों से भरे एक ऑटो रिक्शा को आत्मघाती हमलावर ने भीड़भाड़ वाले इलाके में उड़ा दिया. यह धमाका नौरंग बाजार के फाटक चौक इलाके में हुआ, जहां उस वक्त बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक धमाके में घायल हुए कई लोगों की हालत गंभीर है, मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. घायलों को तुरंत सराय नौरंग स्थित तहसील मुख्यालय स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिक गंभीर रूप से घायलों को बन्नू और पेशावर के अस्पतालों रेफर किया गया है. धमाके के बाद आसपास के अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई और सभी स्वास्थ्यकर्मियों को तत्काल डयूटी पर बुला लिया गया. राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता शादाब खान ने बताया कि धमाके की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और बचाव दल को मौके पर भेजा गया. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है.
खैबर पखतूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सुहैल अफरीदी ने घटना पर दुख जताते हुए पुलिस महानिदेशक से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रांतीय सरकार हरसंभव सहायत उपलब्ध कराएगी. बता दें कि एक दिन पहले ही प्रांत स्वात जिले में बड़ा हादसा हुआ था. दरअसल शादी समारोह में जा रही एक वैन खाई में गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई थी, मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे.